#बलरामपुर पुलिस ने महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, अधिकारों व आपातकालीन नंबरों के प्रति किया जागरूक...
#बलरामपुर। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (मिशन शक्ति नोडल प्रभारी) विशाल पाण्डेय के पर्यवेक्षण में मंगलवार को जनपद के सभी थाना क्षेत्रों में 'मिशन शक्ति' अभियान के तहत विशेष जनजागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। अभियान के दौरान पुलिस टीमों ने गांवों, कस्बों और विद्यालयों में पहुंचकर महिलाओं और बालिकाओं को सुरक्षा, उनके कानूनी अधिकारों तथा जनकल्याणकारी योजनाओं की विस्तृत जानकारी दी।
कार्यक्रम में मिशन शक्ति टीमों ने महिलाओं की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और उनके त्वरित व प्रभावी निस्तारण का आश्वासन दिया। इस दौरान घरेलू हिंसा, दहेज प्रथा, बाल विवाह, साइबर अपराध (डिजिटल अरेस्ट), 'गुड टच-बैड टच' और महिला अधिकारों से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों पर प्रकाश डाला गया। पुलिस अधिकारियों ने दहेज प्रथा और बाल विवाह को सामाजिक कुरीति व दंडनीय अपराध बताते हुए इसके खिलाफ जागरूक रहने का आह्वान किया।
महिलाओं को आपात स्थिति में तत्काल सहायता प्राप्त करने के लिए हेल्पलाइन नंबरों— 1090 (वूमेन पावर लाइन), 112 (पुलिस आपातकालीन सेवा), 1098 (चाइल्ड हेल्पलाइन), 181 (महिला हेल्पलाइन), 1930 (साइबर हेल्पलाइन), 1076 (मुख्यमंत्री हेल्पलाइन) तथा 102/108 (स्वास्थ्य व एम्बुलेंस सेवा) के उपयोग के बारे में विस्तार से बताया गया।
इसके साथ ही, थाना स्तर पर संचालित 'मिशन शक्ति केंद्र' और 'परिवार परामर्श केंद्र' की कार्यप्रणाली की जानकारी देते हुए जागरूकता पैंपलेट वितरित किए गए। बलरामपुर पुलिस ने दोहराया कि महिलाओं व बालिकाओं की सुरक्षा, सम्मान और सशक्तिकरण के लिए जिला पुलिस पूरी तरह प्रतिबद्ध है और यह अभियान निरंतर जारी रहेगा।
#balrampurpolice #Balrampur