#Balrampur ! राप्ती उफान पर: कैलाशगढ़ और भुसैलवा डीप पर तेज बहाव, अलर्ट मोड पर प्रशासन
डीएम ने किया सघन निरीक्षण: अधिक जलप्रवाह वाले डीप पर नाव व सुरक्षा बल तैनात करने के सख्त निर्देश
फसल नुकसान का आकलन: राजस्व और कृषि विभाग की संयुक्त टीम करेगी पारदर्शी सर्वे, जल्द मिलेगी रिपोर्ट
सिसई घाट पर स्थिति नियंत्रण में: राप्ती बैराज से डिस्चार्ज कम, रात से जलस्तर घटने के आसार
#बलरामपुर। राप्ती नदी के बढ़ते जलस्तर और पहाड़ी नालों के उफान के बीच जिलाधिकारी डॉ. विपिन कुमार जैन ने मंगलवार को तहसील तुलसीपुर के संवेदनशील क्षेत्रों का ग्राउंड जीरो पर पहुंचकर जायजा लिया। उन्होंने कैलाशगढ़ व भुसैलवा डीप तथा सिसई घाट का निरीक्षण कर जलप्रवाह, आवागमन और जनसुरक्षा व्यवस्था का बारीकी से परीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने बताया कि सिरिया पहाड़ी नाले का पानी आने से दोनों डीप पर बहाव काफी तेज है। इस पर डीएम ने स्पष्ट निर्देश दिए कि जनसुरक्षा से कोई समझौता न हो। अत्यधिक जलप्रवाह वाले स्थानों पर तुरंत नावों की उपलब्धता सुनिश्चित की जाए और 24 घंटे निगरानी रखी जाए।
फसल क्षति का त्वरित और निष्पक्ष आकलन
डीएम ने कैलाशगढ़ और भुसैलवा में जलभराव से प्रभावित फसलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने राजस्व व कृषि विभाग की संयुक्त टीम को पारदर्शी ढंग से सर्वे कर शीघ्र रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए, ताकि प्रभावित किसानों को नियमानुसार सहायता दिलाई जा सके।
बैराज से घटा डिस्चार्ज, राहत की उम्मीद
सिसई घाट पर नदी के रुख का जायजा लेते हुए डीएम को बाढ़ खंड के अधिकारियों ने बताया कि राप्ती बैराज से पानी का डिस्चार्ज कम हुआ है, जिससे रात से जलस्तर में गिरावट आने की संभावना है। इसके बावजूद प्रशासन को पूरी तरह मुस्तैद रहने की हिदायत दी गई है।
बिजली आपूर्ति सुचारु रखने के निर्देश
तुलसीपुर के 33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र का जायजा लेकर डीएम ने अतिवृष्टि के बाद बिजली व्यवस्था को दुरुस्त रखने और शिकायतों का प्राथमिकता से निस्तारण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण में एसडीएम सदर, बाढ़ खंड के अधिशासी अभियंता सहित अन्य जिम्मेदार अधिकारी मौजूद रहे।
#balrampur #dmbalrampur