#Balrampur ! बैंकों, डाकघरों व वित्तीय संस्थानों में पुलिस का सघन चेकिंग अभियान, सीसीटीवी और फायर अलार्म जांचे; साइबर सुरक्षा का दिया संदेश...
#बलरामपुर। जनपद में वित्तीय संस्थानों की सुरक्षा पुख्ता करने तथा आम जनमानस को साइबर अपराधों से सुरक्षित रखने के उद्देश्य से बलरामपुर पुलिस ने विशेष चेकिंग अभियान चलाया। पुलिस अधीक्षक मार्तण्ड प्रकाश सिंह के निर्देशानुसार मंगलवार को जिले भर के सभी बैंकों, डाकघरों, जनसेवा केंद्रों और प्रमुख वित्तीय संस्थानों में सुरक्षा उपकरणों, संदिग्ध व्यक्तियों एवं वाहनों की गहन जांच-पड़ताल की गई।
अभियान के दौरान समस्त प्रभारी निरीक्षकों, थानाध्यक्षों, चौकी प्रभारियों और 'मिशन शक्ति' टीम ने अपने-अपने थाना क्षेत्रों में स्थित बैंक परिसरों व उनके आसपास के इलाकों में सघन तलाशी ली। पुलिस अधिकारियों ने बैंक प्रबंधकों और कर्मचारियों से बातचीत कर सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। इस दौरान सीसीटीवी कैमरों की कार्यप्रणाली, इमरजेंसी सायरन और फायर अलार्म जैसे उपकरणों की भौतिक जांच की गई, ताकि किसी भी आपात स्थिति में सुरक्षा में कोई चूक न रहे।
परिसर में मौजूद ग्राहकों और आम लोगों को साइबर फ्रॉड से बचाव के तरीकों के प्रति जागरूक किया गया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ अपना ओटीपी, बैंक विवरण या पिन साझा न करें। वहीं, बैंक ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों को मुस्तैद रहने और हर संदिग्ध गतिविधि पर पैनी नजर रखते हुए तत्काल कार्रवाई करने के कड़े निर्देश दिए गए।
#balrampurpolice