जन विश्वास शिविर के माध्यम से सरकार आई है जनता के बीच-प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल
...............
ग्राम पंचायत भामी, कासेल एवं पिपरी बुजुर्ग में आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर में सम्मिलित हुए प्रभारी मंत्री
बड़वानी 11 सितम्बर 2026/मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के माध्यम से सरकार जनता के बीच में पहुंच रही है। अब ग्रामीणजन को सरकारी कार्यालय के चक्कर नही लगाने पड़ेंगे। सप्ताह में एक दिन प्रति शुक्रवार कैलेण्डर अनुसार ग्राम पंचायतों में मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविरों का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें ग्रामीणजन आवेदन देकर समस्या का त्वरित निराकरण करा सकते है। अब जनता की सरकार जनता के बीच पहुचंकर समस्याओं एवं मांगों का उचित निराकरण कर रही है।
जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. गौतम टेटवाल ने उक्त बाते शुक्रवार को आयोजित मुख्यमंत्री जन विश्वास शिविर के निरीक्षण एवं आवेदनों की समीक्षा करते हुए कही। प्रभारी मंत्री ने ग्राम पंचायत भामी, कासेल एवं पिपरी बुजुर्ग में आयोजित शिविरों का निरीक्षण किया। साथ ही शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कासेल पहुचंकर विद्यार्थी पालक संवाद कार्यक्रम में सहभागिता की। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थी हमारे देश का भविष्य है। अतः विद्यार्थी खूब मन लगाकर पढ़ाई करते हुए अपने माता-पिता, गुरूजन एवं देश का नाम रोशन करे।
शिविरों के निरीक्षण के दौरान प्रभारी मंत्री ने बताया कि आज जिले की 32 ग्राम पंचायतों में आयोजित शिविरों में 1586 आवेदन प्राप्त हुए है, 1434 आवेदनों का मौके पर ही निराकरण किया गया है। शेष बचे हुए आवेदनों का परीक्षण एवं मौका मुआयना कर 7 दिवस में निराकरण करने हेेतु भी निर्देशित किया।
पात्र हितग्राहियों को बांटे गए हितलाभ एवं प्रमाण-पत्र
कार्यक्रम के समापन पर मुख्य अतिथि डॉ. गौतम टेटवाल द्वारा विभिन्न शासकीय योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ एवं प्रमाण-पत्र वितरित किए गए। इसके तहत स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को फूड बास्केट, महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा लाड़ली लक्ष्मी योजना के प्रमाण-पत्र तथा आजीविका मिशन के अंतर्गत बीमा सखी व लखपति दीदी के प्रमाण-पत्र प्रदान किए गए। इसके अलावा सामाजिक सुरक्षा पेंशन, दिव्यांग पेंशन, उन्नत खेती करने वाले कृषकों को प्रमाण पत्र तथा संबल योजना के अंतर्गत आर्थिक सहायता राशि के स्वीकृति पत्र का वितरण किया गया। इस अवसर पर बड़वानी कलेक्टर श्रीमती जयति सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री पद्म विलोचन शुक्ल, जिला पंचायत सीईओ श्री अर्पित गुप्ता सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी एवं बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित रहे।