लखीसराय की अमीषा ने जीता स्वर्ण पदक, लगातार दूसरी बार नेशनल स्कूल गेम्स के लिए चयनित
लखीसराय। बिहार राज्यस्तरीय अंतर प्रमंडल विद्यालय खेल प्रतियोगिता 2026-27 की ताइक्वांडो अंडर-17 स्पर्धा में लखीसराय की अमीषा पटेल ने स्वर्ण पदक जीतकर जिले का मान बढ़ाया है। इस उपलब्धि के साथ उन्होंने लगातार दूसरी बार 70वीं SGFI नेशनल स्कूल गेम्स के लिए क्वालीफाई किया है। राष्ट्रीय प्रतियोगिता जम्मू-कश्मीर में आयोजित होगी।
अमीषा Dream’s of Mind Taekwondo Academy की खिलाड़ी हैं और प्रशिक्षक बादल गुप्ता के मार्गदर्शन में प्रशिक्षण ले रही हैं। इससे पहले वह 69वीं SGFI नेशनल स्कूल गेम्स में लुधियाना, पंजाब में बिहार का प्रतिनिधित्व कर चुकी हैं। जिला खेल पदाधिकारी आशुतोष कुमार ने अमीषा को बधाई देते हुए राष्ट्रीय प्रतियोगिता के लिए शुभकामनाएं दीं। उनकी सफलता से जिले में खुशी का माहौल है।