जिला पदाधिकारी ने जनता दरबार में 55 शिकायतों की की सुनवाई; त्वरित, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के निर्देश
विभागीय दिशा-निर्देश के आलोक में आमजनों की समस्याओं के त्वरित एवं प्रभावी समाधान हेतु आज दिनांक 07 सितम्बर, 2026 को जिला पदाधिकारी, जहानाबाद छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया।
जनता दरबार में आमजनों से कुल 55 आवेदन/शिकायतें प्राप्त हुईं। जिला पदाधिकारी द्वारा प्रत्येक मामले की गंभीरतापूर्वक सुनवाई करते हुए संबंधित विभागीय पदाधिकारियों को जांच कर नियमानुसार त्वरित कार्रवाई एवं समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
प्राप्त शिकायतों में मुख्य रूप से रैयतीकरण, अतिक्रमण, एन.एच.-119डी परियोजना के रैयतों को मुआवजा भुगतान, भूमि मापी एवं कब्जा, भूमि विवाद, परिमार्जन, ट्राई साइकिल, स्वास्थ्य, विद्युत, कृषि, उद्योग, जन वितरण प्रणाली, ट्रांसफार्मर अधिष्ठापन, विद्युत विपत्र सुधार, पक्की सड़क निर्माण, चापाकल बोरिंग एवं नल-जल योजना की खराबी, नाली-गली निर्माण एवं मरम्मत, पंचायत सरकार भवन निर्माण, दुकान पर कब्जा, विकास मित्र नियोजन, आशा कार्यकर्ता के चयन तथा सहकारी पेंशन भुगतान आदि से संबंधित मामले शामिल रहे।
जिला पदाधिकारी ने एन.एच.-119डी परियोजना के रैयतों के मुआवजा भुगतान से संबंधित मामले में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया। वाहन अनुबंध विस्तार से संबंधित मामले में जिला पशुपालन पदाधिकारी तथा भूमि पर कब्जा दिलाने से संबंधित मामले में संबंधित अंचल अधिकारी को जांच कर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
जन वितरण प्रणाली से संबंधित शिकायतों की जांच कर निष्पादन सुनिश्चित करने, वहीं ट्रांसफार्मर अधिष्ठापन एवं विद्युत विपत्र सुधार से संबंधित मामलों में विद्युत विभाग को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। पक्की सड़क निर्माण से संबंधित मामले में पथ निर्माण विभाग तथा विकास मित्र नियोजन से संबंधित मामले में जिला कल्याण पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा गया।
इसी प्रकार चापाकल बोरिंग एवं नल-जल योजना की खराबी से संबंधित शिकायतों पर लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। नाली-गली निर्माण, सफाई एवं मरम्मत से संबंधित मामलों में संबंधित पदाधिकारियों को जांच कर समाधान सुनिश्चित करने तथा दुकान पर कब्जा से संबंधित मामले में अनुमंडल पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई का निर्देश दिया गया।
भूमि विवाद से संबंधित मामलों में भूमि सुधार उप समाहर्ता को नियमानुसार सुनवाई एवं निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। साथ ही परिमार्जन, जमीन पर कब्जा एवं भूमि मापी से संबंधित मामलों में संबंधित राजस्व पदाधिकारियों को अभिलेखों की जांच एवं आवश्यक स्थल सत्यापन करते हुए समयबद्ध कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि जनता दरबार में प्राप्त आवेदनों को गंभीरता एवं संवेदनशीलता के साथ जांच करते हुए उनका तार्किक, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए तथा संबंधित पदाधिकारी प्राप्त शिकायतों की नियमित समीक्षा करते हुए शीघ्र निष्पादन सुनिश्चित करें।
जिला पदाधिकारी ने कहा कि “सबका सम्मान–जीवन आसान” की भावना के अनुरूप आमजनों की समस्याओं का संवेदनशील, पारदर्शी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
उक्त जनता दरबार में जिला पदाधिकारी के साथ उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता (राजस्व) अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता (विभागीय जांच) विनय कुमार सिंह, भूमि सुधार उप समाहर्ता अम्मु अमला, वरीय उप समाहर्ता निपुन कुमारी, वरीय उप समाहर्ता होता इरफान, वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी, सहायक निदेशक, जिला दिव्यांगजन सशक्तिकरण कोषांग विजेता रंजन, अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी आकांक्षा गुप्ता, जिला कल्याण पदाधिकारी संजय कुमार सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारीगण उपस्थित थे।