मनरेगा में मानव दिवस सृजन बढ़ाने का निर्देश, दो दिनों में तैयार होगी तीन माह की कार्ययोजना
जहानाबाद। वी.बी. जी-राम जी की प्रगति को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष समेत जिला स्तरीय पदाधिकारी उपस्थित रहे। वहीं, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी, प्रखंड पंचायत राज पदाधिकारी एवं बाल विकास परियोजना पदाधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से जुड़े।
बैठक में जिला पदाधिकारी ने सभी मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों से प्रखंडवार प्रस्तावित पौधारोपण की संख्या की जानकारी ली। उन्होंने अधिक से अधिक पौधारोपण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके साथ ही प्रखंडवार मानव दिवस सृजन की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
जिन प्रखंडों में मानव दिवस सृजन की प्रगति अपेक्षाकृत कम पाई गई, वहां की स्थिति पर जिला पदाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों को मानव दिवस सृजन में तेजी लाने का निर्देश दिया, ताकि अधिक से अधिक श्रमिकों को रोजगार उपलब्ध कराया जा सके।
दो दिनों में देनी होगी कार्ययोजना
जिला पदाधिकारी ने सभी मनरेगा कार्यक्रम पदाधिकारियों को दो दिनों के भीतर सितंबर, अक्टूबर एवं नवंबर की विस्तृत कार्ययोजना तैयार कर पीपीटी के माध्यम से उपलब्ध कराने को कहा। कार्ययोजना में प्रत्येक प्रखंड में सृजित किए जाने वाले मानव दिवस की संख्या स्पष्ट रूप से दर्शाने का निर्देश दिया गया है। इसके आधार पर प्रखंडवार लक्ष्य निर्धारित कर नियमित अनुश्रवण किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि योजनाओं का चयन इस प्रकार किया जाए, जिससे अधिकाधिक श्रमिकों को रोजगार मिले और मानव दिवस सृजन में वृद्धि हो। साथ ही, योजनाओं के क्रियान्वयन का प्रभाव धरातल पर स्पष्ट रूप से दिखाई देना चाहिए।