कायाकल्प योजना से गांवों में मजबूत होंगी आधारभूत सुविधाएं
जहानाबाद। ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को मजबूत करने और विकास योजनाओं का लाभ आम लोगों तक पहुंचाने को लेकर सोमवार को कायाकल्प योजना की समीक्षात्मक बैठक हुई। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में पंचायत स्तर पर जरूरत और उपयोगिता के आधार पर विकास कार्यों के चयन पर जोर दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि ग्राम पंचायत स्तर पर ऐसे व्यवहार्य कार्यों का चयन किया जाए, जिनका सीधा लाभ आम लोगों को मिल सके। नाली-गली, सामुदायिक भवन, आंगनबाड़ी केंद्र, विद्यालय, शौचालय, स्वास्थ्य केंद्र समेत अन्य आधारभूत संरचनाओं के सुदृढ़ीकरण से जुड़े कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा गया।
हर प्रखंड में एक गांव बनेगा आदर्श ग्राम
बैठक में प्रत्येक प्रखंड से एक गांव का चयन कर उसे आदर्श ग्राम के रूप में विकसित करने का निर्देश दिया गया। चयनित गांव में उपलब्ध मूलभूत सुविधाओं को बेहतर और क्रियाशील बनाने के साथ अन्य पंचायतों में भी विकास कार्यों का संतुलित वितरण सुनिश्चित करने को कहा गया, ताकि अधिक से अधिक गांव योजना से लाभान्वित हो सकें।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ योजनाओं का समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण क्रियान्वयन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि योजनाओं की सफलता का आकलन कागजों के बजाय धरातल पर दिखने वाले बदलाव और आमजन को मिल रही सुविधाओं के आधार पर किया जाएगा।
बैठक में उप विकास आयुक्त, जिला पंचायती राज पदाधिकारी, जिला शिक्षा पदाधिकारी, जिला प्रोग्राम पदाधिकारी, आइसीडीएस सहित अन्य जिला स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। वहीं प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी वीडियो कांफ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में जुड़े।