10 सितंबर तक गणना खंड दिशा प्रविष्टि कार्य पूरा करने का निर्देश
जहानाबाद। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने सोमवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से जिले के सभी प्रखंड विकास पदाधिकारियों के साथ गणना खंड (इन्यूमरेशन ब्लॉक) दिशा प्रविष्टि कार्य की समीक्षा की। बैठक में उप विकास आयुक्त एवं जिला पंचायत राज पदाधिकारी भी उपस्थित रहे।
समीक्षा के दौरान जिला पदाधिकारी ने प्रखंडवार कार्य की प्रगति की जानकारी ली। राज्य निर्वाचन आयोग, बिहार के सात सितंबर के ड्रिल-डाउन प्रतिवेदन के अनुसार जिले में अब तक 44.48 प्रतिशत गणना खंड दिशा प्रविष्टियां दर्ज की गई हैं। इस पर जिला पदाधिकारी ने कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि शेष लंबित कार्य को अभियान मोड में संचालित करते हुए 10 सितंबर 2026 से पूर्व शत-प्रतिशत पूरा करना सुनिश्चित करें। संबंधित पदाधिकारियों और कर्मियों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित कर कार्य में तेजी लाने तथा नियमित समीक्षा एवं निगरानी करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि निर्धारित समय-सीमा के भीतर गणना खंड दिशा प्रविष्टि कार्य की शत-प्रतिशत पूर्णता सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों से तत्परता के साथ कार्य करते हुए निर्धारित लक्ष्य हासिल करने को कहा।
Jehanabad, Jehanabad | Sep 7, 2026