प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना में तेजी के निर्देश, दो दिनों में ऋण वितरण सुनिश्चित करने को कहा
जहानाबाद। प्रधानमंत्री सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना की प्रगति को लेकर सोमवार को जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में समीक्षात्मक बैठक आयोजित की गई। बैठक में योजना के तहत प्राप्त आवेदनों, ऋण स्वीकृति एवं वितरण, वेंडर चयन, एग्रीमेंट तथा सोलर पैनल अधिष्ठापन की स्थिति की समीक्षा की गई।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में योजना के तहत अब तक 4,490 आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें 348 आवेदकों ने ऋण के लिए आवेदन किया है, जबकि 138 ऋण आवेदन प्रक्रियाधीन हैं। प्रक्रियाधीन आवेदनों में पीएनबी के 51, एसबीआई के 42 तथा केनरा बैंक के 10 आवेदन शामिल हैं।
जिला पदाधिकारी ने संबंधित बैंकों को प्रक्रियाधीन ऋण आवेदनों का प्राथमिकता के आधार पर निष्पादन करते हुए दो दिनों के भीतर ऋण वितरण सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि ऋण प्रक्रिया में विलंब के कारण सोलर पैनल अधिष्ठापन का काम प्रभावित नहीं होना चाहिए।
उन्होंने सभी सूचीबद्ध वेंडरों को स्वीकृत एवं पात्र आवेदकों के घरों में सोलर पैनल लगाने के कार्य में तेजी लाने का निर्देश दिया। लंबित मामलों का शीघ्र निष्पादन करते हुए अधिकाधिक घरों को योजना से लाभान्वित करने को कहा गया।
जिला पदाधिकारी ने सभी कनीय विद्युत अभियंताओं (जेई) को प्रतिदिन नए आवेदन सृजित कराने के साथ आवेदकों द्वारा वेंडर चयन और एग्रीमेंट की प्रक्रिया भी समय पर पूरा कराने का निर्देश दिया। उन्होंने सभी संबंधित पदाधिकारियों, बैंकों एवं वेंडरों को आपसी समन्वय से कार्य करते हुए योजना की प्रगति तेज करने और अधिकाधिक पात्र उपभोक्ताओं को इसका लाभ दिलाने पर जोर दिया।