*जीतो के माध्यम से जन-जन तक पहुंचे जैन एकता एवं महावीर का संदेश- आचार्य पुलकसागर महाराज*
*भीलवाड़ा की जिस माटी ने मुझे चलना सिखाया उसके सामने सिर झुकाने आया हूं- संजय डांगी*
*जीतो अपेक्स के चेयरमैन संजय डांगी का भीलवाड़ा में विभिन्न संगठनों द्वारा भव्य नागरिक अभिनंदन*
भीलवाड़ा :निलेश कांठेड़ ( वरिष्ठ पत्रकार ), 10 अक्टूबर देश के टॉप 100 उद्यमियों में शुमार संजय डांगी के सकल जैन समाज के प्रमुख संगठन जैन इंटरनेशनल ट्रेड ऑर्गेनाइजेशन (जीतो) अपेक्स के नवनिर्वाचित चेयरमैन का पदभार संभालने के बाद पहली बार भीलवाड़ा आगमन पर शनिवार शाम शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल में राष्ट्र संत, मनोज्ञाचार्य पुलकसागर महाराज के सानिध्य में भव्य नागरिक अभिनंदन किया गया। नागरिक अभिनंदन समिति भीलवाड़ा के तत्वावधान में आयोजित समारोह में भीलवाड़ा के सनातन धर्म एवं वैश्य समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा डांगी का अभिनंदन किया गया। इससे पूर्व डांगी को दोपहर में हमीरगढ़ हवाई पट्टी पहुंचने के बाद वहां जीतो भीलवाड़ा चैप्टर एवं जैन समाज के प्रमुख प्रतिनिधियों ने उनका स्वागत करते हुए भव्य कार रैली के रूप में सूर्यमहल तक लेकर आए।
नागरिक अभिनंदन समारोह में आशीर्वचन प्रदान करते हुए आचार्य पुलकसागर महाराज ने कहा कि जैन समाज देश में संख्या में भले एक प्रतिशत से भी कम हो पर टेक्स में 30 प्रतिशत से अधिक हिस्सेदार होकर राष्ट्र की प्रगति में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। इस समाज के पीछे धन भागता है ओर ये वरदान उसे तीर्थंकर ऋषभदेव ओर महावीर स्वामी से मिला हुआ है। ये भारत देश है जहां एक चाय बेचने वाला देश का प्रधानमंत्री बन जाता है तो शाहपुरा जैसी छोटी जगह से निकला संजय डांगी जैन समाज का गौरव बन जाता है। किस्मत बदलने में ज्यादा समय नहीं लगता,जब अपने लोग उंचाई पर पहुंचते है तो खुशी होती है। आचार्यश्री ने कहा कि जैन समाज देश में सेवा क्षेत्र में अग्रणी है ओर हम यहीं भावना रखते है कि समाज जीवंत रहे ओर देश मजबूत रहे। जीतो के माध्यम से महावीर का संदेश जन-जन तक पहुंचे। हर जिनालय के साथ एक विद्यालय ओर विद्यालय के पास एक चिकित्सालय अवश्य होना चाहिए। नवकार महामंत्र की गूंज पूरी दुनिया में पहुंचाने वाली जीतो पंथ परम्परा में विभाजित जैन समाज में एकता की मिसाल बने। उन्होेंने जैन धर्म के प्रथम तीर्थंकर बने भरत चक्रवती के स्टेच्यू जगह-जगह लगाने की अपील करते हुए भीलवाड़ा महापौर से भी आग्रह किया कि शहर में किसी एक पार्क का नामाकरण उनके नाम से कर वहां ये स्टेच्यू स्थापित कराए।
समारोह में भव्य स्वागत एवं अभिनंदन से अभिभूत हुए जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी ने कहा कि भीलवाड़ा में आकर बोलने के लिए मेरे पास शब्द नहीं है। जिस मिट्टी ने मुझे चलना सिखाया उसके सामने सिर झुकाने आया हूं। जिस शहर ने मुझे पहचान दी उससे रिश्ता निभाने आया हूं। मेरे समाज के लोग मेरा अभिनंदन करे ये मैं सोच भी नहीं सकता हूं। मेरी भावना है कि मैं ज्यादा से ज्यादा आपके साथ कार्य करू। उन्होंने कहा कि ये समारोह मेरे लिए भावनात्मक पल है ओर में अपने माता-पिता को नमर करता हूं जिनके उपकार कभी नहीं भूल सकता। मेरी मां ने मुझे सदा सबके लिए अच्छा करने की सीख दी। यहां परिवार से मिलने आया हूं। मुझे गुरूओं का आशीर्वाद ओर आप सभी का प्रेम व स्नेह मिला जिसने मुझे इस काबिल समझा। जीतो अपेक्स चेयरमैन कोई पद नहीं उत्तरदायित्व है जिसे सभी का साथ लेकर निभाएंगे। जीतो चेयरमैन डांगी ने संगठन के भीलवाड़ा चैप्टर की सराहना करते हुए कहा कि महावीरजी चौधरी ने इसे नामचीन चैप्टर बनाया ओर पूरे देश के जीतो चेप्टर भीलवाड़ा चेप्टर की गतिविधियों को फॉलो करते है। उन्होंने कहा कि एआई के इस बदलते दौर में हमे भी बदलना होगा। दस वर्ष आगे का सोचना होगा ओर युवाओं की उर्जा के साथ अपने अनुभव को जोड़ना होगा। सेवा, शिक्षा ओर आर्थिक सशक्तिकरण हमारा मुख्य लक्ष्य है। शिक्षा चिकित्सा के क्षेत्र में विशेष कार्य कर रहे है ओर प्रतिभावान विद्यार्थियों को एजुकेशन लोन भी उपलब्ध कराया जा रहा है। डांगी ने कहा कि हमारी भावना है कि केवल जैन समाज ही नहीं बल्कि सभी समाज आपस में समन्वय बनाकर कार्य करे ओर सभी एक साथ प्रगति करे। भीलवाड़ावासियों की सेवा के लिए सदा तत्पर रहने का संकल्प जताते हुए उन्होंने कहा कि यहां से जो मिला वह अनमोल धरोहर है।
समारोह में सांसद दामोदर अग्रवाल ने लोकसभा क्षेत्रवासियों की तरफ से जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी का अभिनंदन करते हुए कहा कि उन्होंने जीतो चैयरमैन बनकर समस्त भीलवाड़ा का गौरव बढ़ाया है। वरिष्ठ समाजसेवी महावीरसिंह चौधरी ने आचार्य पुलकसागर महाराज के लिए कहा कि ये मात्र दिगम्बर संत नहीं बल्कि जन संत है ओर इनके दर्शन मात्र से पाप,ताप ओर संताप मिट जाते है। उन्होंने कहा कि संजय डांगी की अथक मेहनत के कारण उनका नाम आज देश के टॉप 100 उद्योगपतियों में आता है। सामुदायिक आधार पर बेहतरीन सेवा कार्य करने वाली जीतो के देश में 103 ओर विश्व में 28 चेप्टर कार्य कर रहे है।
समारोह में विशिष्ट अतिथि के रूप में भीलवाड़ा विधायक अशोक कोठारी, नगर निगम महापौर जसवंतकंवर ओर उप महापौर राधेश्याम सोमानी भी उपस्थित थे। समारोह के प्रारंभ में संजय डांगी का स्वागत करने वालों में नागरिक अभिनंदन समिति के महावीरसिंह चौधरी, तिलोकचंद छाबड़ा, प्रवीण चौधरी, एसएन मोदानी, दिनेश नौलखा, पवन खेमका, डॉ.सम्पतलाल जैन, बाबूलाल जाजू आदि शामिल थे। संजय डांगी ने परिवारजनों के साथ आचार्यश्री का पाद प्रक्षालन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। स्वागत उद्बोधन नागरिक अभिनंदन समिति में शामिल सकल दिगम्बर जैन समाज के अध्यक्ष प्रवीण चौधरी ने दिया।
नवकार महामंत्र के साथ प्रारंभ कार्यक्रम का संचालन मनीष शाह ने करते हुए संजय डांगी की पारिवारिक पृष्ठभूमि की जानकारी दी ओर बताया कि किस तरह तरह सीए बनने के लिए शाहपुरा से मुंबई पहुंचे डांगी ने अपनी मेहनत से देश के आर्थिक जगत में विशिष्ट पहचान बनाई ओर भीलवाड़ा का नाम गौरान्वित किया। समारोह के अंत में भीलवाड़ा के सनातन धर्म एवं वैश्य समाज से जुड़े विभिन्न सामाजिक, धार्मिक एवं स्वयंसेवी संगठनों द्वारा जीतो अपेक्स चेयरमैन बनने पर हार्दिक स्वागत अभिनंदन किया गया।
*इन संस्थाओं ने किया डांगी का अभिनंदन*
जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी का अभिनंदन करने वाले संगठनों में सकल दिगम्बर जैन समाज, श्री वर्धमान स्थानकवासी जैन श्रावक संघ शांति भवन, श्री जैन श्वेताम्बर तेरापंथी सभा संस्था, श्री जैन श्वेताम्बर मूर्तिपूजक संघ, श्री पुलकसागर चातुर्मास समिति भीलवाड़ा, जीतो भीलवाड़ा चैप्टर, जीतो लेडिज चेप्टर, जीतो यूथ विंग, पुलक एकता मंच, जैन सोश्यल ग्रुप, जेएसजी परिवार, लॉयन्स क्लब, गोविन्द मॉर्निंग क्लब, महावीर इंटरनेशनल मीरा, ज्वॉयंटस ग्रुप,शीतल गच्छ यश प्रोत्साहन मण्डल, चंदनबाला महिला मण्डल, वीर सेवा संघ, नामदेव समाज, मेवाड़ चेम्बर ऑफ कॉमर्स भीलवाड़ा, भीलवाड़ा प्रॉपर्टी डीलर्स एवं ब्रोकर एसोसिएशन, आरसीएम ग्रुप, संगम ग्रुप, नितिन स्पिनर्स ग्रुप, नवकार ग्रुप, भीलवाड़ा होटल एसोसिएशन, जैन इंजीनियर्स सोसायटी, अग्रवाल समाज संपति ट्रस्ट, भीलवाड़ा नगर माहेश्वरी सभा, इंटरनेशनल वैश्य फैडरेशन, बार एसोसिएशन भीलवाड़ा, अखिल भारतीय सर्वधर्म महासभा, सद्भावना सेवा ट्रस्ट, प्राकृतिक कुल्हड़ ग्रुप, सीए एसोसिएशन भीलवाड़ा, संस्कार समाज सेवा संस्था, टेक्सटाइल ट्रेड फैडरेशन, ओसवाल जैन समाज बेंगू आदि शामिल थे।
*स्वागत में सद्भावना का संदेश देते हुए विशाल कार रैली निकाली*
जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी डांगी का शनिवार दोपहर हमीरगढ़ हवाई पट्टी पर आगमन होने पर यहां भव्य स्वागत किया गया। हेलीपेड से भीलवाड़ा शहर तक सद्भावना का संदेश देते हुए कार रैली निकाली गई। इस रैली में करीब 100 कारे शामिल थी। सद्भावना रैली के साथ संजय डांगी शास्त्रीनगर स्थित सूर्यमहल पहुंचे जहां उनका भीलवाड़ा नागरिक अभिनंदन समिति द्वारा भव्य स्वागत किया गया।
*जीतो भीलवाड़ा चैप्टर की नई टीम का शपथ ग्रहण समारोह कल*
जीतो अपेक्स चेयरमैन संजय डांगी 11 अक्टूबर रविवार को सुबह 8.30 बजे ओरियम रिसोर्ट में जीतो भीलवाड़ा चैप्टर, लेडिज विंग एवं यूथ विंग की नवगठित कार्यकारिणी के पदस्थापन एवं शपथ ग्रहण समारोह ‘‘समन्वय-2026’’ में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। इस समारोह के विशिष्ट अतिथि सहकारिता मंत्री गौतम दक, सांसद दामोदर अग्रवाल, विधायक अशोक कोठारी, जिला एवं सत्र न्यायाधीश अभय जैन, नगर निगम महापौर जसवंत कंवर एवं उप महापौर राधेश्याम सोमानी होेंगे। इस अवसर पर टीम जीतो अपेक्स एडवाइजरी बोर्ड एवं टीम जीतो अपेक्स के सदस्य भी विशेष रूप से उपस्थित रहेंगे। जीतो भीलवाड़ा चैप्टर के नवनिर्वाचित चेयरमैेन डॉ. संपतलाल जैन, चीफ सैकेट्री अकिन चौधरी, जीतो लेडिज विंग की चेयरपर्सन नेहा नाहर, यूथ विंग के चेयरपर्सन प्रतीक बुलिया के नेतृत्व में कार्यक्रम को सफल बनाने के लिए व्यापक तैयारियां की गई है।