पुष्कर मेले में शाहपुरा की मूंछों का दम!
मूंछ प्रतियोगिता में शाहपुरा बियर्ड क्लब के सदस्यों ने बिखेरा जलवा, राजस्थानी संस्कृति और शौर्य का दिया संदेश
शाहपुरा (भीलवाड़ा)-राजेन्द्र खटीक।
शाहपुरा। राजस्थान की आन-बान-शान, मूंछों की मरोड़ और पारंपरिक वेशभूषा में झलकते शौर्य एवं स्वाभिमान का संदेश लेकर शाहपुरा बियर्ड क्लब के सदस्यों ने अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला-2026 में आयोजित मूंछ प्रतियोगिता में शानदार भागीदारी निभाई। क्लब के सदस्यों ने अपनी प्रभावशाली मूंछों, राजस्थानी पहनावे और पारंपरिक अंदाज से उपस्थित दर्शकों का ध्यान आकर्षित किया तथा शाहपुरा का नाम गौरवान्वित किया।
इस टीम की अगुवाई क्लब के संस्थापक एवं अध्यक्ष तथा नगर पालिका उपाध्यक्ष डॉ. मोहम्मद इशाक खान ने की। उल्लेखनीय है कि डॉ. खान अंतरराष्ट्रीय पुष्कर मेला-2025 की मूंछ प्रतियोगिता के प्रथम विजेता रह चुके हैं। पूर्व विजेता होने के बावजूद उन्होंने इस बार स्वयं प्रतियोगी के रूप में उतरने के बजाय राजस्थान की सांस्कृतिक विरासत, परंपरा और शौर्य का संदेश जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से टीम का नेतृत्व किया।
प्रतियोगिता में क्लब की ओर से एडवोकेट दीपक पारीक एवं दिनेश कुमार भील (हुकुमपुरा) ने भी भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। क्लब के सदस्यों ने राजस्थानी आन-बान-शान से सजी वेशभूषा और दमदार व्यक्तित्व के माध्यम से यह संदेश दिया कि मूंछें केवल व्यक्तित्व की पहचान नहीं, बल्कि राजस्थान के गौरव, स्वाभिमान और शौर्य की प्रतीक भी हैं।
डॉ. मोहम्मद इशाक खान ने कहा कि शाहपुरा बियर्ड क्लब का उद्देश्य केवल प्रतियोगिताओं में भाग लेना नहीं, बल्कि राजस्थान की लोक संस्कृति, पारंपरिक वेशभूषा और गौरवशाली विरासत को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर पहचान दिलाना है। क्लब इसी सोच के साथ निरंतर आगे बढ़ रहा है।
पुष्कर में आयोजित प्रतियोगिता में प्रथम स्थान कमलेश बुनकर, द्वितीय स्थान प्रशांत तथा तृतीय स्थान बूंदी के भंवर गुर्जर ने प्राप्त किया। इस अवसर पर अभय सिंह शेखावत, रेहान खान, राजकुमार पारीक एवं दीपक जोशी की भी विशेष उपस्थिति रही।
शाहपुरा में होगा भव्य आयोजन, राष्ट्रीय मंचों पर भी दिखेगा दम
शाहपुरा बियर्ड क्लब अब आगामी दिनों में शाहपुरा में एक भव्य आयोजन करने की तैयारी में जुटा है। इसके साथ ही देश की ख्यातनाम मूंछ प्रतियोगिताओं में भी क्लब के सदस्य अपनी प्रतिभा और हुनर का प्रदर्शन करेंगे। क्लब लगातार शाहपुरा एवं भीलवाड़ा जिले को नई पहचान दिलाने की दिशा में प्रयासरत है।
पुष्कर की धरती पर शाहपुरा के प्रतिनिधियों ने एक बार फिर साबित किया कि राजस्थान की मूंछों की शान, पगड़ी का मान और संस्कृति का स्वाभिमान आज भी देश-दुनिया के मंचों पर अपनी अलग पहचान रखता है।