एनीमिया की जांच कराकर डीएम ने दिया जागरूकता का संदेश
जहानाबाद। “एनीमिया मुक्त बिहार” एवं “एनीमिया मुक्त जहानाबाद” के लक्ष्य को हासिल करने के उद्देश्य से मंगलवार को मांदे बिगहा में आयोजित सहयोग शिविर में जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने स्वास्थ्य स्टॉल पर स्वयं एनीमिया की जांच कराई। उन्होंने इस दौरान महिलाओं एवं किशोरियों से नियमित रूप से एनीमिया की जांच कराने की अपील की।
डीएम ने कहा कि एनीमिया की समय पर पहचान और उपचार बेहद जरूरी है। विशेषकर महिलाओं एवं किशोरियों को नियमित जांच करानी चाहिए, ताकि जरूरत के अनुसार समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने स्वयं जांच कराकर लोगों को स्वास्थ्य जांच के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया। इसके बाद अनुमंडल लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी, जहानाबाद ने भी स्वास्थ्य स्टॉल पर एनीमिया की जांच कराई।
डीएम ने जिले की सभी महिलाओं एवं किशोरियों से अपील की कि वे नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र अथवा स्वास्थ्य शिविर में एनीमिया की जांच अवश्य कराएं। जांच में एनीमिया पाए जाने पर सरकार की ओर से उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क दवाओं का लाभ लें, दवाओं का नियमित सेवन करें तथा चिकित्सकीय परामर्श का पालन करें।
उन्होंने कहा कि “एनीमिया मुक्त जहानाबाद” के लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य विभाग सहित संबंधित विभागों द्वारा लगातार जांच, जागरूकता एवं आवश्यक दवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।