शिक्षा व्यवस्था में सुधार को लेकर डीएम सख्त, अगले सप्ताह से विद्यालयों का होगा औचक निरीक्षण
जहानाबाद। शिक्षा व्यवस्था को और सुदृढ़ करने तथा विद्यालयों में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा एवं बेहतर आधारभूत सुविधाएं सुनिश्चित करने को लेकर जिला पदाधिकारी, जहानाबाद श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने मंगलवार को अब्दुल बारी नगर भवन में जिले के सभी 100 उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापकों के साथ विस्तृत समीक्षा बैठक की।
बैठक में विद्यालयवार आधारभूत सुविधाओं, शैक्षणिक व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, बिजली, पंखे, शौचालय, पाठ्यक्रम की प्रगति, परीक्षा परिणाम एवं अनुशासन समेत विभिन्न बिंदुओं की समीक्षा की गई। डीएम ने कहा कि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ बेहतर शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्रशासन की प्राथमिकता है।
उन्होंने सभी प्रधानाध्यापकों को निर्देश दिया कि विद्यालयों में न्यूनतम आवश्यक सुविधाओं की शत-प्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित करें। किसी समस्या का समाधान जिला स्तर से होना है तो जिला शिक्षा पदाधिकारी के माध्यम से संबंधित विभाग से तत्काल समन्वय स्थापित कर उसका समाधान कराया जाए। उन्होंने शैक्षणिक गुणवत्ता में “Maximum Achievement” के लक्ष्य के साथ कार्य करने पर जोर दिया।
मॉडल विद्यालयों की समीक्षा के दौरान डीएम ने शत-प्रतिशत परीक्षा परिणाम सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। अन्य उच्च माध्यमिक विद्यालयों को भी परीक्षा परिणाम में बेहतर प्रदर्शन के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य करने को कहा गया।
विद्यालयों में बेहतर वातावरण के लिए सितंबर माह में रंग-रोगन एवं सुंदरीकरण का कार्य पूरा करने, शुद्ध पेयजल, चालू बिजली-पंखे तथा स्वच्छ एवं उपयोग योग्य शौचालय की व्यवस्था हर हाल में सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया।
शैक्षणिक गुणवत्ता को लेकर सभी शिक्षकों द्वारा नियमित रूप से पाठ-टीका संधारित करने और निर्धारित समय में पाठ्यक्रम पूरा करने को कहा गया। विद्यार्थियों की प्रगति के आकलन के लिए प्रत्येक सप्ताह टेस्ट आयोजित करना अनिवार्य किया गया है।
विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता एवं अनुशासन विकसित करने के उद्देश्य से प्रत्येक विद्यालय में हेड बॉय एवं हेड गर्ल का चयन कर उन्हें बैज उपलब्ध कराने का भी निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि विद्यालयों में शिक्षा के साथ विद्यार्थियों के नेतृत्व, जिम्मेदारी और सकारात्मक व्यक्तित्व का विकास भी सुनिश्चित होना चाहिए।
डीएम ने निर्देश दिया कि बैठक में दिए गए निर्देशों से अगले दो दिनों के अंदर विद्यालय के सभी शिक्षकों, कर्मियों, विद्यालय प्रबंध समिति एवं अभिभावकों को बैठक कर अवगत कराया जाए, ताकि सभी लोग साझा लक्ष्य के साथ कार्य कर सकें।
उन्होंने स्पष्ट किया कि अगले सप्ताह से उनके साथ-साथ जिले के वरीय पदाधिकारियों द्वारा विद्यालयों का औचक निरीक्षण किया जाएगा। निरीक्षण के दौरान आधारभूत सुविधाओं, स्वच्छता, शैक्षणिक गतिविधियों, पाठ-टीका, पाठ्यक्रम की प्रगति, साप्ताहिक टेस्ट सहित बैठक में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की जांच होगी। लापरवाही या शिथिलता मिलने पर संबंधित प्रधानाध्यापक एवं जिम्मेदार कर्मियों के विरुद्ध नियमानुसार अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी सुरेंद्र कुमार, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (माध्यमिक शिक्षा एवं स्थापना) रमेश कुमार पाल, जिला कार्यक्रम पदाधिकारी (पीएम पोषण योजना) गोविंद कुमार सहित जिले के सभी 100 उच्च माध्यमिक विद्यालयों के प्रधानाध्यापक उपस्थित थे।