दरधा नदी का जलस्तर बढ़ा, जिला प्रशासन सतर्क; डीएम ने संवेदनशील क्षेत्रों का किया निरीक्षण
जहानाबाद। दरधा नदी के बढ़ते जलस्तर को लेकर जिला प्रशासन सतर्क है। मंगलवार को जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया ने अनुमंडल पदाधिकारी, आपदा प्रबंधन शाखा प्रभारी, संबंधित अंचलाधिकारियों, जल संसाधन विभाग एवं बाढ़ नियंत्रण प्रमंडल के अभियंताओं के साथ जफरगंज, साईं मंदिर एवं एसएस कॉलेज के समीपवर्ती क्षेत्रों का स्थलीय निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने बढ़ते जलस्तर एवं संभावित जलजमाव को देखते हुए आवश्यक सुरक्षात्मक एवं एहतियाती कार्रवाई करने का निर्देश दिया। नगर परिषद को संवेदनशील क्षेत्रों में माइकिंग के माध्यम से लोगों को सतर्क करने तथा बच्चों एवं किशोरों को नदी और जलजमाव वाले क्षेत्रों से दूर रखने के लिए जागरूक करने को कहा गया।
कार्यपालक पदाधिकारी, नगर परिषद को आवश्यक स्थलों पर बैरिकेडिंग कराने तथा चिन्हित अतिरिक्त संवेदनशील स्थानों पर तत्काल सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। वहीं, एसडीओ को पर्याप्त पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति करने को कहा गया, ताकि लोग बैरिकेडिंग पार न करें।
एसएस कॉलेज के समीप आमजन की सुविधा एवं सुगम आवागमन के लिए एप्रोच रोड का निर्माण शीघ्र पूरा कराने हेतु ग्रामीण कार्य विभाग को आवश्यक कार्रवाई का निर्देश दिया गया। डीएम ने जल संसाधन एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग के अभियंताओं को दरधा नदी के जलस्तर और संवेदनशील क्षेत्रों पर लगातार निगरानी रखने तथा आवश्यकता पड़ने पर तत्काल कार्रवाई करने का निर्देश दिया।
जिला प्रशासन ने आमजन से अपील की है कि प्रशासन के निर्देशों का पालन करें, सतर्क रहें और अनावश्यक रूप से नदी एवं बढ़े जलस्तर वाले क्षेत्रों के समीप जाने से बचें।