पंचकूला पुलिस का युवाओं को नशे से बचाने पर जोर, कालका में विद्यार्थियों के बीच पहुंची एंटी ड्रग्स टीम, स्वास्थ्य से लेकर भविष्य तक नशे के नुकसान बताए
पंचकूला/ 22 सितंबर:- पंचकूला पुलिस द्वारा युवाओं एवं विद्यार्थियों को नशे के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने तथा नशामुक्त समाज के निर्माण में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से लगातार जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में एंटी ड्रग्स टीम द्वारा कालका क्षेत्र में विद्यार्थियों के लिए विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
एसीपी कालका आशीष कुमार के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों को नशे के कारण होने वाले स्वास्थ्य, सामाजिक, शैक्षणिक एवं पारिवारिक नुकसान के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। टीम के इंचार्ज उप निरीक्षक सतीश कुमार ने विद्यार्थियों को संबोधित करते हुए कहा कि नशा व्यक्ति के स्वास्थ्य के साथ-साथ उसकी शिक्षा, परिवार, सामाजिक जीवन और भविष्य को भी गंभीर रूप से प्रभावित करता है। उन्होंने विद्यार्थियों से नशे से पूरी तरह दूर रहने तथा अपने आसपास नशे से संबंधित गतिविधियों के प्रति सजग रहने की अपील की।
विद्यार्थियों को प्रेरित किया गया कि वे स्वयं नशे से दूर रहें और अपने मित्रों, परिवार तथा आसपास के लोगों को भी नशे के दुष्प्रभावों के बारे में जागरूक करें। इस दौरान विद्यार्थियों ने नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने में हरसंभव सहयोग करने का संकल्प लिया।
डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने कहा कि युवाओं को नशे से बचाना पुलिस के साथ-साथ परिवार, शिक्षकों और समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने अभिभावकों एवं शिक्षकों से अपील की कि वे बच्चों के व्यवहार एवं संगति पर ध्यान रखें और किसी भी प्रकार के नशे या संदिग्ध गतिविधि की जानकारी मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचित करें। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि नशे को ना कहें और अपने साथियों को भी नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करें।
Uklana, Hissar | Sep 22, 2026