नशे से दूरी, खेलों से यारी: डीसीपी अदिति सिंह ने कबड्डी खिलाड़ियों का बढ़ाया हौसला, कहा- खेलों से स्वस्थ शरीर के साथ मानसिक एवं बौद्धिक विकास भी
पंचकूला/ 22 सितंबर:-युवाओं को नशे की लत से दूर रखने और स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, सेक्टर-6 में एक दिवसीय कबड्डी प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। स्वर्गीय श्रीमती शकुंतला देवी मेमोरियल चैरिटेबल ट्रस्ट के प्रोजेक्ट “हम हैं ना” (तीसरा गर्ल्स कबड्डी कप) के सहयोग से आयोजित इस खेल स्पर्धा का शुभारंभ मुख्य अतिथि डीसीपी पंचकूला आईपीएस अदिति सिंह ने रिबन काटकर किया।
कार्यक्रम के दौरान डीसीपी अदिति सिंह ने खेल मैदान में जाकर सभी खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से हाथ मिलाया, उनका हाल-चाल जाना और उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने खिलाड़ियों से संवाद करते हुए कहा कि खेल केवल शारीरिक तंदुरुस्ती का माध्यम नहीं हैं, बल्कि यह युवाओं में अनुशासन, टीम भावना और मानसिक सुदृढ़ता का विकास करते हैं।
डीसीपी अदिति सिंह ने युवाओं को नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रहने का संदेश देते हुए कहा आज के युवाओं को अपनी ऊर्जा सही दिशा में लगानी चाहिए। खेलकूद में निरंतर भाग लेने से बौद्धिक और मानसिक विकास होता है, जिससे एक सशक्त समाज का निर्माण होता है। उन्होंने विद्यार्थियों को पढ़ाई के साथ-साथ खेलकूद में भी बढ़-चढ़कर हिस्सा लेने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय प्राचार्य डॉ. राजवीर सिंह के संरक्षण और मनोज बामनिया की देखरेख में आयोजित इस प्रतियोगिता में कुल 13 टीमों ने हिस्सा लिया। कड़े मुकाबले के बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय सैक्टर-6 पंचकूला की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया, जबकि खुड्डा अली शेर (चंडीगढ़) द्वितीय और बिरला अकैडमी की टीम तीसरे स्थान पर रही।
समारोह में विशिष्ट अतिथियों ने विजेता टीमों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया। इस अवसर पर विद्यालय स्टाफ, खेल प्रशिक्षक और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।
Uklana, Hissar | Sep 22, 2026