खरीफ फसलों के खरीद प्रबंधों को लेकर उपायुक्त महेंद्र पाल ने संबंधित अधिकारियों की ली बैठक, सभी आवश्यक प्रबंध पूर्ण करने की दी हिदायत
हिसार, 22 सितंबर।
खरीफ विपणन सत्र 2026-27 के दौरान जिले में धान, ज्वार, बाजरा, मक्का, मूंग, उड़द, मूंगफली, सोयाबीन व तिल की खरीद को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं।
मंगलवार को हरियाणा सरकार के राजस्व एवं खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग, चंडीगढ़ द्वारा खरीद तैयारियों को लेकर कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में मंडियों में फसल खरीद से संबंधित व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। इस दौरान मंडियों में फसल के प्रवेश एवं निकासी पास की व्यवस्था, बायोमेट्रिक सत्यापन, कांटा, नमी मापक यंत्र, बारदाना व सिलाई मशीन की उपलब्धता, फसल उठान के लिए परिवहन व्यवस्था, उपग्रह प्रणाली से निगरानी, पर्याप्त श्रमिकों की तैनाती, मिलर पंजीकरण तथा भुगतान प्रक्रिया सहित किसानों के लिए आवश्यक मूलभूत सुविधाओं पर चर्चा की गई। वीसी उपरांत उपायुक्त महेंद्र पाल ने अधिकारियों की बैठक में निर्देश दिए कि मंडियों में सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय रहते पूरी कर ली जाएं, ताकि किसानों को फसल बेचने में किसी प्रकार की परेशानी न हो। उपायुक्त ने कहा कि किसानों की फसलों की खरीद न्यूनतम समर्थन मूल्य पर निर्धारित नियमों के अनुसार सुनिश्चित की जाए। उन्होंने निर्देश दिए कि बायोमेट्रिक सत्यापन के बाद ही फसल की खरीद की जाए तथा मिलरों का पंजीकरण निर्धारित समय में पूरा करवाया जाए।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि खरीद के बाद किसानों को 48 घंटे के भीतर सीधे उनके बैंक खातों में भुगतान मिले। उपायुक्त महेंद्र पाल ने कहा कि मंडियों में किसानों के लिए पेयजल, सफाई, बैठने की व्यवस्था सहित अन्य मूलभूत सुविधाएं भी पर्याप्त रूप से उपलब्ध रहनी चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को खरीद प्रक्रिया के दौरान आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा फसल के उठान में किसी प्रकार की देरी न होने देने के निर्देश दिए।
बैठक में एसीयूटी विवेक यादव, डीएफएससी अमित शेखावत सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
फोटो कैप्शन (22 डीआईपीआरओ फोटो 01 व 02) : वीसी के दौरान मौजूद उपायुक्त महेंद्र पाल।
Uklana, Hissar | Sep 22, 2026