विद्यार्थी दृढ़ निश्चय के साथ करें कठिन परिश्रम- अंकिता पुवार
- मोरखेड़ी विद्यालय में उपमंडलाधीश ने विद्यार्थियों से किया संवाद
सांपला (रोहतक), 22 सितंबर : सांपला की उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत उपमंडल के गांव मोरखेड़ी सहित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय का दौरा किया तथा विद्यार्थियों के साथ पोषण माह, स्मार्ट बोर्ड आदि विषयों पर संवाद किया।
उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने मोरखेड़ी स्थित राजकीय विद्यालय में पहुंचकर विद्यार्थियों के साथ विभिन्न विषयों पर संवाद किया। उन्होंने विद्यार्थियों से कहा कि वे अपने जीवन का लक्ष्य निर्धारित कर उसे प्राप्त करने के लिए दृढ़ निश्चय के साथ कठिन परिश्रम करें। उन्होंने कहा कि नियमित रूप से अध्ययन करने वाले विद्यार्थी पाठ्यक्रम के साथ-साथ अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं की पुस्तकें भी पढ़े ताकि भविष्य में वे अपने लक्ष्य को प्राप्त करने में सफल हो सके। उन्होंने विद्यार्थियों के साथ शिक्षण में स्मार्ट बोर्ड के महत्व पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि बच्चे देखकर जल्दी सीखते हैं।
अंकिता पुवार ने कहा कि यह मान्यता है कि स्वस्थ शरीर में ही स्वस्थ मन का वास होता है। शरीर के स्वास्थ्य को सही रखने के लिए हमें संतुलित आहार लेना जरूरी है, जिसमें सभी पोषक तत्व शामिल हो। सरकार द्वारा सेवा संकल्प अभियान के अलावा पोषण माह का आयोजन भी किया जा रहा है, जो 8 अक्तूबर तक जारी रहेगा। इस अभियान के दौरान महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आंगनवाड़ी केन्द्रों तथा गांवों में विशेष कार्यक्रमों के माध्यम से नागरिकों विशेषकर महिलाओं को पोषण बारे जागरूक कर रही हैं ताकि सभी नागरिक स्वस्थ हो तथा कोई भी व्यक्ति या बच्चा कुपोषण से पीड़ित न हो।
उपमंडलाधीश अंकिता पुवार ने कहा कि पोषण माह के दौरान सही पोषण, स्तनपान, पूरक आहार, स्वच्छ पानी और स्वच्छता के महत्व बारे जागरूकता फैलाने की शपथ भी दिलवाई जा रही है। सभी मिलकर सही पोषण को एक जन आंदोलन बनाए ताकि देश का हर नागरिक स्वस्थ रह सके। नागरिकों को एक स्वस्थ और समृद्ध भारत निर्माण के लिए समर्पित भाव से कार्य करने का संकल्प भी दिलवाया जा रहा है। इस अवसर पर विद्यालय का स्टाफ व अन्य संबंधित अधिकारी व विद्यार्थी मौजूद रहे।
फोटो- 0010, 0011
----00000000----
Uklana, Hissar | Sep 22, 2026