एक वर्ष से अधिक समय से लंबित सीएम हेल्पलाइन शिकायतों का प्राथमिकता से करें निराकरण- कलेक्टर श्री सिसोनिया
टीएल बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने की सीएम हेल्पलाईन और विभागीय कार्यो की समीक्षा
---------
---------
कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित टीएल बैठक में कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया ने विभागवार सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण, शासकीय योजनाओं के क्रियान्वयन तथा विभिन्न विभागों के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि एक वर्ष से अधिक समय से कोई भी शिकायत लंबित नहीं रहनी चाहिए। सीएम हेल्पलाइन शिकायतों के निराकरण में संतोषजनक प्रगति नहीं करने वाले अधिकारियों को नोटिस जारी किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि शिकायतों का निराकरण केवल औपचारिकता न हो, बल्कि आवेदक की संतुष्टि के साथ समस्याओं का समाधान सुनिश्चित किया जाए।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सीएम मॉनिट में दर्ज प्रकरणों तथा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के शिविरों में प्राप्त आवेदनों की भी समीक्षा करते हुए उनका समय-सीमा में निराकरण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि नागरिकों की समस्याओं के समाधान में संवेदनशीलता और तत्परता बरती जाए तथा किसी भी आवेदन को अनावश्यक रूप से लंबित न रखा जाए। उन्होंने अधिकारियों को शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने और प्रत्येक पात्र हितग्राही तक योजनाओं का लाभ सुगमता से पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए कलेक्टर श्री सिसोनिया ने निर्देशित किया कि जिला स्तर से जिन अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है वह शासकीय अस्पतालों एवं स्वास्थ्य केन्द्रों का नियमित निरीक्षण करें। उन्होंने कहा कि निरीक्षण के दौरान उपचार व्यवस्थाओं, साफ-सफाई, दवाओं की उपलब्धता तथा मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं का जायजा लिया जाए। सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में आवश्यक दवाएं पर्याप्त मात्रा में उपलब्ध रहें, यह सुनिश्चित किया जाए। इसके साथ ही विकास एवं निर्माण कार्यों की नियमित निगरानी करने, निर्माण की गुणवत्ता का परीक्षण करने तथा सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में कलेक्टर श्री सिसोनिया ने निर्देश दिए कि सभी पात्र विद्यार्थियों को निर्धारित समय-सीमा में छात्रवृत्ति का भुगतान सुनिश्चित किया जाए, ताकि किसी भी विद्यार्थी को आर्थिक कारणों से परेशानी न हो। उन्होंने स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि सेम एवं मेम श्रेणी के सभी चिन्हित बच्चों को एनआरसी में भर्ती कराकर उनका समुचित उपचार एवं पोषण प्रबंधन सुनिश्चित करें। बच्चों के स्वास्थ्य में सुधार के लिए नियमित निगरानी और विभागीय समन्वय के साथ प्रभावी कार्यवाही करने के निर्देश भी दिए।
बैठक में महिला बाल विकास विभाग, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग, स्कूल शिक्षा, सहकारिता, कृषि, जल संसाधन सहित अन्य विभागों की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री सिसोनिया ने सीएम हेल्पलाईन निराकरण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित भी किया। कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला तथा अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय सहित विभिन्न विभागों के जिला अधिकारी उपस्थित रहे। वहीं विकासखण्डों से एसडीएम, जनपद पंचायत सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ एवं अन्य अधिकारी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बैठक में शामिल हुए।
21 views | Raisen, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026