कलेक्टर श्री सिसोनिया की अध्यक्षता में जिला कौशल समिति की बैठक सम्पन्न
उद्योगों की मांग के अनुरूप युवाओं को प्रशिक्षण देने और आईटीआई की प्रशिक्षण सुविधाएं बेहतर बनाने के निर्देश
-----------
-----------
जिला कौशल समिति की बैठक कलेक्टर श्री रोहित सिसोनिया की अध्यक्षता में कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई। जिसमें उन्होंने जिले में युवाओं को रोजगारोन्मुखी कौशल प्रशिक्षण उपलब्ध कराने तथा स्थानीय औद्योगिक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशिक्षण व्यवस्था विकसित करने के संबंध में चर्चा कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों में कर्मचारियों एवं उपकरणों की उपलब्धता, विद्यार्थियों के लिए करियर काउंसलिंग, छात्रावास सुविधा तथा कौशल विकास योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री सिसोनिया ने निर्देश दिए कि प्रशिक्षणार्थियों को रोजगार से जोड़ने के लिए अधिकाधिक अवसर उपलब्ध कराए जाएं तथा उद्योगों की मांग के अनुरूप नवीन ट्रेडों में प्रशिक्षण की व्यवस्था की जाए। बैठक में प्रधानमंत्री कौशल विकास योजना के तहत शासकीय आईटीआई मंडीदीप में ऑटोमोटिव वेल्डिंग मशीन ऑपरेटर तथा शासकीय आईटीआई रायसेन में सोलर पीवी इंस्टॉलर-इलेक्ट्रिकल जॉब रोल के प्रशिक्षण केंद्र स्थापित करने के प्रस्तावों पर चर्चा की गई। साथ ही प्रधानमंत्री स्किलिंग एंड एम्प्लॉयबिलिटी ट्रांसफॉर्मेशन, अपग्रेडेड आईटीआई योजना के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया गया। बैठक में स्थानीय उद्योगों की कौशल आवश्यकताओं का आकलन कर आईटीआई ट्रेड एवं प्रशिक्षण क्षमता बढ़ाने, उद्योगों एवं संबंधित विभागों के बीच समन्वय स्थापित करने पर चर्चा हुई। इस अवसर पर जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, डीएफओ श्रीमती प्रतिभा शुक्ला, अपर कलेक्टर श्री मनोज उपाध्याय तथा समिति के सदस्य उपस्थित रहे। बैठक में शासकीय आईटीआई रायसेन की प्राचार्य शिवाली तोमर द्वारा पीपीटी के माध्यम से जानकारी दी गई।
22 views | Raisen, Madhya Pradesh | Nov 23, 2026