कायाकल्प अभियान के तहत डीएम ने कई विद्यालयों और स्वास्थ्य केंद्रों का किया निरीक्षण, बच्चों व मरीजों से लिया फीडबैक
कल्पा, बाजारटाली, काजीपुर टाली समेत कई गांवों में पहुंचीं डीएम, लंबित कार्यों को शीघ्र पूरा करने का दिया निर्देश
जहानाबाद :
जिले में सरकारी विद्यालयों, स्वास्थ्य केंद्रों और सार्वजनिक संस्थानों की व्यवस्था बेहतर बनाने के लिए कायाकल्प अभियान को गति दी जा रही है। इसी कड़ी में शनिवार को जिलाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया ने जहानाबाद प्रखंड की विभिन्न पंचायतों का दौरा कर विकास योजनाओं का स्थलीय निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने विद्यालयों में रंग-रोगन, पेवर ब्लॉक लगाने, मरम्मत और जीर्णोद्धार कार्यों की प्रगति देखी। साथ ही विद्यार्थियों, शिक्षकों, मरीजों और ग्रामीणों से बातचीत कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के क्रम में डीएम कल्पा स्थित सामुदायिक भवन पहुंचीं। यहां फर्श की मरम्मत और छत निर्माण कार्य का जायजा लिया। विद्यालय संचालन को देखते हुए भवन में जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने का निर्देश दिया। राजकीयकृत विद्यालय कल्पा में रंग-रोगन कार्य की समीक्षा करते हुए परिसर में पेवर ब्लॉक लगाने और निर्माण कार्यों में गुणवत्ता बनाए रखने को कहा। उन्होंने बच्चों को नियमित विद्यालय आने और मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित किया।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 31, 2026