जनता दरबार में 46 मामलों की सुनवाई, डीएम ने समयबद्ध निष्पादन का दिया निर्देश
जहानाबाद : समाहरणालय स्थित ग्राम प्लेक्स भवन में सोमवार को जिला स्तरीय जनता दरबार का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया की अध्यक्षता में आयोजित जनता दरबार में विभिन्न विभागों से संबंधित 46 आवेदन और शिकायतों की सुनवाई की गई। डीएम ने आमजनों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित पदाधिकारियों को जांच के बाद नियमानुसार समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया।
जनता दरबार में दाखिल-खारिज, वर्षा के कारण मकान गिरने पर मुआवजा, जन वितरण प्रणाली की अनुज्ञप्ति के विरुद्ध आपत्ति, सोहरैया-मोहर्रम अखाड़े की घेराबंदी, पीडीएस की नई बहाली में व्यापार स्थल के स्थानांतरण, रसोइया के पद से हटाने, MACPS भुगतान के बाद अंतर अर्जित अवकाश राशि के भुगतान और सामाजिक सुरक्षा पेंशन समेत कई मामले सामने आए।
वर्षा से मकान गिरने से जुड़े मामले में डीएम ने जिला आपदा प्रबंधन शाखा के प्रभारी पदाधिकारी को शीघ्र जांच कर पात्रता के अनुसार मुआवजा भुगतान सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। पीडीएस अनुज्ञप्ति से संबंधित मामले में अनुमंडल पदाधिकारी को नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया। सभी अंचल अधिकारियों को शनिवार को आयोजित होने वाले जनता दरबार में भूमि विवाद और भूमि संबंधी मामलों की नियमित सुनवाई कर त्वरित निष्पादन का निर्देश दिया गया।
डीएम ने कहा कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों का तार्किक, पारदर्शी और गुणवत्तापूर्ण समाधान सुनिश्चित किया जाए। अनावश्यक विलंब नहीं होना चाहिए। आम लोगों को अपनी समस्या के समाधान के लिए बार-बार कार्यालयों का चक्कर न लगाना पड़े, इसका विशेष ध्यान रखा जाए। “सबका सम्मान–जीवन आसान” की भावना के अनुरूप आमजनों की समस्याओं का संवेदनशीलता के साथ समाधान जिला प्रशासन की प्राथमिकता है।
जनता दरबार में डीडीसी आदित्य कुमार पियूष, अपर समाहर्ता अनिल कुमार सिन्हा, अपर समाहर्ता तेज नारायण राय, डीआरडीए निदेशक रोहित कुमार मिश्रा समेत विभिन्न विभागों के पदाधिकारी मौजूद थे