*12 नवंबर से निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम का प्रारंभ, 4 जनवरी 2027 को होगा अंतिम प्रकाशन*
*उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जेपी यादव की अध्यक्षता में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित, राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि रहे उपस्थित*
*जिले के 701 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश, 21-22 नवंबर एवं 05-06 दिसंबर को लगेंगे विशेष कैंप*
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा अर्हता तिथि 01 जनवरी 2027 के मान से निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम निर्धारित किया गया है। इस संबंध में उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री जेपी यादव की अध्यक्षता में अपर कलेक्टर कार्यालय में जिला स्तरीय स्टैंडिंग कमेटी की बैठक आयोजित की गई। बैठक में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को पुनरीक्षण कार्यक्रम की विस्तृत जानकारी दी गई।
निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार 12 नवंबर 2026 को निर्वाचक नामावली का प्रारूप प्रकाशन किया जाएगा। इसके बाद 12 नवंबर से 11 दिसंबर 2026 तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने, हटाने एवं संशोधन के संबंध में दावे एवं आपत्तियां प्राप्त की जाएंगी। प्राप्त दावे एवं आपत्तियों का निराकरण 28 दिसंबर 2026 तक किया जाएगा तथा 04 जनवरी 2027 को निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन होगा।
*जिले में 5 लाख 27 हजार 214 मतदाता दर्ज*
12 नवंबर 2026 की स्थिति में जिले की दोनों विधानसभा क्षेत्रों में कुल 5 लाख 27 हजार 214 मतदाता दर्ज हैं। इनमें विधानसभा क्षेत्र 103-शहपुरा में 2 लाख 75 हजार 442 तथा विधानसभा क्षेत्र 104-डिंडौरी में 2 लाख 51 हजार 772 मतदाता शामिल हैं। जिले में कुल 2 लाख 62 हजार 642 पुरुष, 2 लाख 64 हजार 563 महिला एवं 9 थर्ड जेंडर मतदाता हैं। जिले का कुल लिंगानुपात 1007 है।
701 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ की नियुक्ति के निर्देश
निर्वाचक नामावली के संक्षिप्त पुनरीक्षण कार्यक्रम के सुचारू संचालन के लिए जिले के सभी 701 मतदान केन्द्रों पर बीएलओ की नियुक्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार 21 एवं 22 नवंबर तथा 05 एवं 06 दिसंबर 2026 को प्रत्येक मतदान केन्द्र पर विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। इन कैंपों में मतदाता सूची में नाम जुड़वाने एवं आवश्यक संशोधन कराने की सुविधा उपलब्ध रहेगी।
बैठक में भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस की ओर से डिंडौरी विधायक श्री ओमकार मरकाम एवं भारतीय जनता पार्टी की ओर से श्री सुधीर दत्त तिवारी उपस्थित रहे।
जिला प्रशासन ने मतदाताओं से अपील की है कि वे प्रारूप निर्वाचक नामावली में अपना एवं अपने परिवार के सदस्यों का नाम अवश्य जांच लें तथा नाम जोड़ने अथवा किसी प्रकार के संशोधन के लिए निर्धारित समयावधि में अपने दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराएं।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #ElectionCommissionOfIndia #ElectoralRollRevision #VoterList #VoterAwareness #BLO #DemocraticProcess #Election2027 #VotingRights #Shahpura #DindoriAssembly