*रबी सीजन में किसानों को मिलेगी राहत, डिंडौरी में चना-मसूर बीज का भंडारण पूर्ण*
*निर्धारित अनुदान पर मिलेगा प्रमाणित बीज, मसूर पर 81 रुपये और चना पर 40 से 60 रुपये प्रति किलो तक अनुदान*
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग द्वारा रबी वर्ष 2026-27 के अंतर्गत नगद बीज वितरण योजना के तहत जिले के सभी विकासखंडों में चना एवं मसूर बीज का भंडारण पूर्ण कर लिया गया है। योजना के माध्यम से किसानों को निर्धारित अनुदान पर प्रमाणित बीज उपलब्ध कराया जाएगा, जिससे किसान रबी फसलों की बोवनी के लिए समय पर गुणवत्तापूर्ण बीज प्राप्त कर सकेंगे।
योजना के अंतर्गत मसूर बीज की 5 वर्ष से अधिक अवधि वाली किस्मों पर 75 प्रतिशत अथवा 9,000 रुपये प्रति क्विंटल, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाएगा। शासन द्वारा मसूर बीज की निर्धारित विक्रय दर 108 रुपये प्रति किलोग्राम रखी गई है। इसमें 81 रुपये प्रति किलोग्राम अनुदान तथा मात्र 27 रुपये प्रति किलोग्राम कृषक अंश निर्धारित किया गया है।
इसी प्रकार चना बीज की 5 वर्ष तक की अवधि वाली किस्मों पर 75 प्रतिशत अथवा 6,000 रुपये प्रति क्विंटल, जो भी कम हो, अनुदान दिया जाएगा। चना बीज की निर्धारित विक्रय दर 88.40 रुपये प्रति किलोग्राम है, जिसमें 60 रुपये अनुदान तथा 28.40 रुपये प्रति किलोग्राम कृषक अंश किसानों को देना होगा।
वहीं, चना बीज की 5 वर्ष से अधिक अवधि वाली किस्मों पर 50 प्रतिशत अथवा 4,000 रुपये प्रति क्विंटल, जो भी कम हो, अनुदान निर्धारित किया गया है। इस श्रेणी में किसानों को 40 रुपये प्रति किलोग्राम अनुदान मिलेगा तथा 48.40 रुपये प्रति किलोग्राम कृषक अंश के रूप में भुगतान करना होगा।
किसान योजना का लाभ लेने एवं अपने विकासखंड में बीज की उपलब्धता की जानकारी प्राप्त करने के लिए संबंधित कृषि विभाग के कार्यालय अथवा कृषि विस्तार अधिकारी से संपर्क कर सकते हैं।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #JansamparkDindori #collectordindori #AgricultureDepartment #RabiSeason2026 #FarmerWelfare #SeedDistribution #Chickpea #Lentil #Agriculture #Farmers #GovernmentScheme
Dindori, Madhya Pradesh | Nov 5, 2026