जिले की 9 शासकीय एवं अशासकीय गौशालाओं में उत्साहपूर्वक मनाया गया गोवर्धन पर्व, गौवंश की पूजा-अर्चना कर मनाया उत्सव
ग्राम पंचायत रूसा में विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने की गोवर्धन पूजा, गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के तहत उत्कृष्ट पशुपालकों को किया सम्मानित।
मध्यप्रदेश शासन के पशुपालन एवं डेयरी विभाग के निर्देशानुसार एवं कलेक्टर श्रीमती अंजू पवन भदौरिया के मार्गदर्शन में 09 नवंबर 2026 को जिले की 9 शासकीय एवं अशासकीय गौशालाओं में गोवर्धन पर्व उत्साहपूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर ग्राम पंचायत रूसा, विकासखंड करंजिया में आयोजित कार्यक्रम में विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे सहित जनप्रतिनिधियों ने विधि-विधान से गोवर्धन एवं गौमाता की पूजा-अर्चना की। साथ ही गौवंश को अपने हाथों से लड्डू, गुड़ एवं केला खिलाकर गौसेवा का संदेश दिया।
कार्यक्रम में गोपाल कृष्ण ग्राम पुरस्कार योजना के अंतर्गत चयनित उत्कृष्ट पशुपालकों को प्रमाण पत्र एवं शॉल-श्रीफल भेंटकर सम्मानित किया गया। योजना के तहत प्रथम स्थान प्राप्त पशुपालक को 1 लाख रुपये, द्वितीय स्थान पर 50 हजार रुपये तथा तृतीय स्थान प्राप्त पशुपालक को 25 हजार रुपये की पुरस्कार राशि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा सिंगल क्लिक के माध्यम से उनके बैंक खातों में अंतरित की गई। इस दौरान विधायक श्री ओमप्रकाश धुर्वे ने उपस्थित जनों को दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए सुख, समृद्धि एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की।
इस अवसर पर उपसंचालक पशुपालन एवं डेयरी विभाग द्वारा पशुपालकों को विभागीय योजनाओं एवं गतिविधियों की जानकारी देते हुए गौवंश के उचित रखरखाव, पशुपालन एवं गौशाला संचालन के महत्व से अवगत कराया गया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विभागीय अमले, ग्राम पंचायत रूसा घानामार एवं गौशाला संचालनकर्ता स्व-सहायता समूह की महिलाओं का सराहनीय योगदान रहा।
#GovardhanPuja #GopalKrishnaGramAward #CowWelfare #AnimalHusbandry #Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #MPGovernment #OmprakashDhurve #collectordindori #JansamparkDindori #DiwaliCelebration