*मिट्टी के घरों की दीवारों से देशभर में पहचान तक का सफर, गोंडी चित्रकला ने पाटनगढ़ को बनाया कला का गढ़*
*श्रीमती कुमुदिनी श्याम ने वर्ष 1995 में शुरू की गोंडी चित्रकला की साधना, आज गांव का हर घर आदिवासी संस्कृति और परंपराओं के रंगों से सजा*
मध्यप्रदेश के डिण्डौरी जिले का ग्राम पाटनगढ़ आज अपनी विशिष्ट गोंडी चित्रकला के कारण देशभर में पहचान बना चुका है। कभी मिट्टी के घरों की दीवारों और आंगनों तक सीमित रही यह कला आज जनजातीय संस्कृति, परंपरा और लोकजीवन की सशक्त पहचान बन गई है। प्रकृति, पशु-पक्षियों, लोकमान्यताओं और आदिवासी जीवनशैली को रंगों के माध्यम से अभिव्यक्त करने वाली यह कला देश-दुनिया के कला प्रेमियों को आकर्षित कर रही है।
पाटनगढ़ की इस कला परंपरा को आगे बढ़ाने में ग्राम निवासी श्रीमती कुमुदिनी श्याम पति श्री राजकुमार श्याम का महत्वपूर्ण योगदान है। उन्होंने वर्ष 1995 में गोंडी चित्रकला की साधना शुरू की थी। शुरुआती दौर में उन्होंने अपने मिट्टी के घर की दीवारों और आंगन को ही चित्रकला का कैनवास बनाया। अपनी कल्पनाशीलता और पारंपरिक ज्ञान के माध्यम से उन्होंने आदिवासी संस्कृति, रीति-रिवाजों, प्रकृति और लोकजीवन से जुड़े चित्र उकेरने शुरू किए। धीरे-धीरे उनकी कला को स्थानीय स्तर पर सराहना मिलने लगी और पाटनगढ़ की चित्रकला गांव की सीमाओं से निकलकर व्यापक पहचान बनाने लगी।
*हर घर की दीवारों पर सजी है आदिवासी संस्कृति की विरासत*
पाटनगढ़ की विशेषता यह है कि यहां गोंडी चित्रकला केवल किसी एक कलाकार या परिवार तक सीमित नहीं है, बल्कि पूरे गांव की सांस्कृतिक पहचान बन चुकी है। गांव के घरों की दीवारों और आंगनों में पारंपरिक चित्रों के माध्यम से आदिवासी समाज का जीवन, रीति-रिवाज, लोकविश्वास और प्रकृति के साथ उसके गहरे संबंधों को प्रदर्शित किया जाता है। गांव की महिलाएं और अन्य कलाकार इस कला को पीढ़ी-दर-पीढ़ी आगे बढ़ा रहे हैं। इस तरह पाटनगढ़ में कला केवल अभिव्यक्ति का माध्यम नहीं, बल्कि जीवनशैली का अभिन्न हिस्सा बन गई है।
*पाटनगढ़ के कलाकारों ने राष्ट्रीय स्तर पर बढ़ाया जिले का गौरव*
गोंडी चित्रकला को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिष्ठा दिलाने में पाटनगढ़ के कलाकारों की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। इसी गांव के प्रसिद्ध कलाकार भज्जू सिंह श्याम और दुर्गाबाई व्याम ने अपनी विशिष्ट कलाकृतियों के माध्यम से देशभर में पहचान बनाई है। उन्हें कला के क्षेत्र में राष्ट्रपति द्वारा सम्मानित भी किया जा चुका है। इन कलाकारों की उपलब्धियों ने पाटनगढ़ को जनजातीय कला के महत्वपूर्ण केंद्र के रूप में स्थापित करने के साथ डिण्डौरी जिले की सांस्कृतिक विरासत को राष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित किया है।
*संस्कृति के संरक्षण के साथ आजीविका और पहचान का माध्यम बनी गोंडी कला*
पाटनगढ़ की गोंडी चित्रकला आज सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण के साथ कलाकारों के लिए पहचान और आजीविका का माध्यम भी बन रही है। श्रीमती कुमुदिनी श्याम जैसी कलाकारों के प्रयासों से पारंपरिक कला को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का कार्य निरंतर जारी है। मिट्टी के घरों की दीवारों से शुरू हुई गोंडी चित्रकला की यह यात्रा आज राष्ट्रीय स्तर पर डिण्डौरी जिले की विशिष्ट पहचान बन चुकी है। पाटनगढ़ की यह कला परंपरा बताती है कि अपनी जड़ों, संस्कृति और परंपराओं से जुड़ी स्थानीय प्रतिभाएं भी अपनी सृजनशीलता के बल पर देशभर में पहचान स्थापित कर सकती हैं।
#Dindori #DindoriDistrict #MadhyaPradesh #GondArt #GondPainting #Patangarh #TribalArt #TribalHeritage #TribalCulture #IndianFolkArt #CulturalHeritage #WomenArtists #WomenEmpowerment #TraditionalArt #IncredibleIndia