विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस पर पीएचसी गंज में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
विश्व आत्महत्या रोकथाम दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय सीहोर के मनकक्ष एवं उमंग स्वास्थ्य केंद्र की टीम द्वारा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) गंज, सीहोर में जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य आत्महत्या की रोकथाम, मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा जरूरतमंद व्यक्तियों को समय पर भावनात्मक सहयोग एवं आवश्यक सहायता उपलब्ध कराना रहा। गेटकीपर मॉड्यूल के माध्यम से प्रतिभागियों को मानसिक तनाव, भावनात्मक संकट एवं आत्महत्या के संभावित संकेतों को पहचानने तथा ऐसे व्यक्तियों से संवेदनशीलता एवं सहानुभूति के साथ संवाद करने की जानकारी दी गई। साथ ही, संकट की स्थिति में व्यक्ति को अकेला न छोड़ने और आवश्यकता पड़ने पर उचित स्वास्थ्य सेवाओं एवं विशेषज्ञ सहायता से जोड़ने के लिए प्रेरित किया गया।
मानस हेल्पलाइन नंबर 14416 एवं Mannhit App के संबंध में जानकारी साझा की गई। बताया गया कि Mannhit App के माध्यम से व्यक्ति स्वयं का मानसिक स्वास्थ्य मूल्यांकन (Self-Assessment) कर अपनी मानसिक एवं भावनात्मक स्थिति से जुड़ी संभावित समस्याओं को समझ सकता है। आवश्यकता होने पर उचित परामर्श एवं सहायता प्राप्त करने के लिए स्वास्थ्य सेवाओं से जुड़ने हेतु भी प्रेरित किया गया।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को अपने आसपास के लोगों की बात ध्यानपूर्वक सुनने, भावनात्मक सहयोग देने तथा जरूरत पड़ने पर उन्हें उचित सहायता तक पहुंचाने के लिए “मित्रम” की भूमिका निभाने का संदेश दिया गया। कार्यक्रम का मुख्य संदेश रहा कि समय पर बातचीत, संवेदनशीलता और सही सहयोग किसी व्यक्ति के जीवन को बचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकता है।
“बात करें, सुनें और साथ दें—मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनें।”
#JansamparkMP #CMMadhyaPradesh #MadhyaPradesh #sehore
8 views | Sehore, Madhya Pradesh | Sep 11, 2026