#Balrampur ! संगठन को मजबूत बनाने पर भाजपा राष्ट्रीय महामंत्री ने दिया जोर, निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फिर जोड़ने की पहल...
वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मान व जिम्मेदारी देने, बूथ स्तर तक संगठन सक्रिय करने पर हुई चर्चा...
#उतरौला (#बलरामपुर)। भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री हरीश द्विवेदी ने उतरौला स्थित एक मैरिज हॉल में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के साथ बैठक कर संगठन की मजबूती, सक्रियता और आगामी कार्ययोजना पर चर्चा की। उन्होंने निष्क्रिय कार्यकर्ताओं को फिर से सक्रिय करने, पुराने व वरिष्ठ कार्यकर्ताओं को सम्मान के साथ संगठन में उचित जिम्मेदारी देने तथा बूथ स्तर तक पार्टी की गतिविधियां तेज करने पर जोर दिया।
बैठक में हरीश द्विवेदी ने कहा कि संगठन की असली ताकत उसके समर्पित कार्यकर्ता हैं। प्रत्येक कार्यकर्ता की सक्रिय भागीदारी और आपसी समन्वय से ही संगठन मजबूत बनता है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर पार्टी के निर्धारित कार्यक्रमों को गंभीरता से पूरा करने और संगठन में निरंतर संवाद बनाए रखने का आह्वान किया।
उन्होंने केंद्र व प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं और उपलब्धियों को जन-जन तक पहुंचाने की जिम्मेदारी कार्यकर्ताओं को सौंपी। गांव, मोहल्ले और बूथ स्तर पर जनता से संपर्क बढ़ाने, पात्र लोगों को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने में सहयोग करने तथा जनसमस्याओं को सुनकर उनके समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही।
राष्ट्रीय महामंत्री ने बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत बनाने, नियमित बैठकें आयोजित करने, नए लोगों को पार्टी से जोड़ने और युवाओं की भागीदारी बढ़ाने पर भी बल दिया। बैठक में संगठन की आगामी कार्ययोजना, पदाधिकारियों की जिम्मेदारियों और पार्टी की गतिविधियों को जनस्तर तक प्रभावी ढंग से पहुंचाने पर चर्चा हुई।
इस अवसर पर विधायक राम प्रताप वर्मा, नगरपालिका अध्यक्ष प्रतिनिधि अनूप चंद गुप्ता, ब्लाक प्रमुख पंकज सिंह, महिपाल चौधरी, जिलाउपाध्यक्ष वरुण सिंह मोनू, वैभव सिंह, फणींद्र गुप्ता, मेलाराम वर्मा, केके गुप्त, विकास गुप्त, राम सजीवन तिवारी, महेंद्र पांडेय, जिलेदार पांडेय, अनिल कुमार, अंकुर गुप्त और शशांक वर्मा सहित पार्टी के विभिन्न पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
#Balrampur #Utraula
Balrampur, Balrampur | Nov 23, 2026