मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने शृंगेश्वर धाम में 3.66 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले घाट निर्माण कार्य का किया भूमिपूजन
सिंहस्थ-2028 के दृष्टिगत श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल
माही-मधुकन्या संगम पर 281 मीटर लंबे घाट का होगा निर्माण, धार्मिक पर्यटन को मिलेगा बढ़ावा
जिले के पेटलावद विकासखंड स्थित प्रसिद्ध धार्मिक एवं आस्था के केंद्र शृंगेश्वर धाम में शनिवार को महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया के मुख्य आतिथ्य में जल संसाधन विभाग द्वारा 366.69 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से बनने वाले शृंगेश्वर घाट निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन किया गया। इस अवसर शृंगेश्वर धाम के गद्दीपति पूज्य रामेश्वर गिरि जी महाराज भी उपस्थिति रहे।
इस अवसर पर मंत्री सुश्री निर्मला भूरिया ने कहा कि शृंगेश्वर धाम जिले का प्रमुख धार्मिक एवं आस्था का केंद्र है। माही एवं मधुकन्या नदियों के पवित्र संगम पर स्थित इस धाम से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की आस्था जुड़ी हुई है। आगामी सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए श्रद्धालुओं को बेहतर एवं सुरक्षित सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में घाट निर्माण कार्य महत्वपूर्ण है। इससे श्रद्धालुओं को स्नान, दर्शन एवं पूजा-अर्चना में सुगमता होगी।
मंत्री सुश्री भूरिया ने कहा कि शृंगेश्वर धाम का धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व है। घाट निर्माण एवं सौंदर्यीकरण से धाम की सुविधाओं का विस्तार होगा तथा धार्मिक पर्यटन को नई गति मिलेगी। श्रद्धालुओं एवं पर्यटकों के आवागमन में वृद्धि से स्थानीय व्यापार एवं रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार धार्मिक आस्था के केंद्रों के विकास एवं श्रद्धालुओं के लिए आवश्यक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में निरंतर कार्य कर रही है।
281 मीटर लंबे घाट के साथ विकसित होंगी श्रद्धालुओं के लिए सुविधाएं
शृंगेश्वर धाम में श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जल संसाधन विभाग द्वारा 366.69 लाख रुपये की स्वीकृत लागत से घाट का निर्माण किया जाएगा। इसके अंतर्गत लगभग 281 मीटर लंबाई एवं 20 मीटर चौड़ाई में घाट विकसित किया जाएगा, जिसमें सीढ़ियों का निर्माण प्रस्तावित है। इससे श्रद्धालुओं को नदी तक पहुंचने एवं स्नान करने में सुविधा होगी। साथ ही घाट के आसपास उद्यान विकसित कर सौंदर्यीकरण के कार्य भी किए जाएंगे, जिससे धाम का परिसर अधिक आकर्षक एवं सुव्यवस्थित स्वरूप में विकसित हो सकेगा।
आगामी सिंहस्थ-2028 को दृष्टिगत रखते हुए यह निर्माण कार्य श्रद्धालुओं की सुविधाओं के विस्तार एवं क्षेत्र में धार्मिक पर्यटन को प्रोत्साहित करने की दिशा में महत्वपूर्ण सिद्ध होगा।
कार्यक्रम में जनपद उपाध्यक्ष पेटलावद श्रीमती दुर्गा पड़ियार, श्री अजमेर सिंह, जितेन्द्र सिंह राठौड़, ग्राम पंचायत भेरूपाड़ा के सरपंच श्री वर्दीचंद वसुनिया एवं जनपद सदस्य श्री राकेश गुड़ियां सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
इस अवसर पर अनुविभागीय अधिकारी राजस्व पेटलावद श्रीमती रितिका पाटीदार, अनुविभागीय अधिकारी पुलिस पेटलावद सुश्री अनुरक्ति सबनानी, जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री श्री विपिन पाटीदार, अनुविभागीय अधिकारी श्री धीरज जामोद एवं श्रीमती पूजा पाटीदार सहित संबंधित विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department Of Women Child Development, Madhya Pradesh Nirmala Bhuriya Department of Water Resources, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP
Jhabua, Madhya Pradesh | Oct 17, 2026