वरिष्ठ नागरिकों के समग्र कल्याण के लिए आयोजित तीन दिवसीय कार्यशाला का द्वितीय दिवस संपन्न
योग, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली के माध्यम से वरिष्ठजनों को दिया स्वस्थ एवं आनंदमय जीवन का संदेश
संचालनालय सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन सशक्तिकरण विभाग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के परिपालन में कलेक्टर डॉ. योगेश तुकाराम भरसट के निर्देशन एवं उप संचालक सामाजिक न्याय श्री पंकज सांवले के मार्गदर्शन में रंगपुरा स्थित परिसर में आयोजित तीन दिवसीय समग्र कल्याण (होलिस्टिक वेल-बीइंग) कार्यशाला का द्वितीय दिवस संपन्न हुआ। वरिष्ठ नागरिकों के शारीरिक, मानसिक एवं आध्यात्मिक स्वास्थ्य को समर्पित कार्यशाला में योग, ध्यान एवं स्वस्थ जीवनशैली पर आधारित विशेष सत्र आयोजित किए गए। कार्यशाला में आयुष विभाग, स्वास्थ्य विभाग एवं अन्य संबंधित विभागों की सक्रिय सहभागिता रही।
कार्यशाला के प्रथम सत्र में पं. हिमांशु शुक्ला द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को सहज योग की प्रक्रिया एवं उसके लाभों के संबंध में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि बढ़ती उम्र में मानसिक शांति, तनावमुक्त जीवन एवं आंतरिक संतुलन बनाए रखने में सहज योग महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। इस दौरान स्वयंसेवक श्री यश त्रिवेदी के सहयोग से सहज योग की विभिन्न क्रियाओं का व्यावहारिक प्रदर्शन किया गया, जिसका उपस्थित वरिष्ठ नागरिकों ने उत्साहपूर्वक अभ्यास किया।
कार्यशाला के द्वितीय सत्र में आयुष विभाग के डॉ. राकेश खराड़ी द्वारा वरिष्ठ नागरिकों को दैनिक जीवन में सरल योगाभ्यास अपनाने के संबंध में मार्गदर्शन प्रदान किया गया। उन्होंने वरिष्ठजनों की आयु एवं शारीरिक क्षमता के अनुरूप सूक्ष्म व्यायाम, प्राणायाम एवं विभिन्न योगासनों की विधि समझाई। उन्होंने बताया कि नियमित एवं उचित योगाभ्यास से जोड़ों के दर्द, उच्च रक्तचाप एवं उम्र संबंधी अन्य स्वास्थ्य समस्याओं के प्रबंधन में सहायता मिल सकती है। साथ ही वरिष्ठ नागरिकों को योग एवं संतुलित जीवनशैली को अपनी दैनिक दिनचर्या में शामिल करने के लिए प्रेरित किया गया।
कार्यशाला का उद्देश्य वरिष्ठ नागरिकों को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाते हुए उन्हें सक्रिय, आत्मनिर्भर, तनावमुक्त एवं आनंदमय जीवन जीने के लिए प्रोत्साहित करना है।
कार्यक्रम का संचालन सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्रीमती निधि ठाकुर द्वारा किया गया। इस अवसर पर प्रोग्रेसिव पेंशनर्स एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री ललित त्रिवेदी, वरिष्ठ नागरिक पेंशनर्स एसोसिएशन के सदस्य, सामाजिक सुरक्षा अधिकारी श्री प्रियंक पाटीदार सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिक उपस्थित रहे।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Social Justice and Disabled Welfare Department ,Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP