संविधान दिवस पर शासकीय कन्या महाविद्यालय में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर आयोजित, छात्राओं ने किया संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन
मध्यप्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, जबलपुर के निर्देशानुसार तथा प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश एवं अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण झाबुआ श्रीमती आशिता श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में आज 26 नवंबर 2026 को संविधान दिवस के अवसर पर शासकीय कन्या महाविद्यालय, झाबुआ में छात्राओं के लिए विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर की अध्यक्षता जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव एवं जिला न्यायाधीश श्रीमान दिनेश देवड़ा द्वारा की गई। इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि संविधान में प्रत्येक नागरिक को समानता का अधिकार, स्वतंत्रता का अधिकार, शिक्षा का अधिकार तथा शोषण के विरुद्ध संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण अधिकार प्रदान किए गए हैं। छात्राओं को यह समझना आवश्यक है कि वे किसी भी प्रकार के भेदभाव, उत्पीड़न अथवा अन्याय के विरुद्ध कानूनी सहायता प्राप्त कर सकती हैं। शिक्षा महिलाओं के सशक्तिकरण का सबसे प्रभावी माध्यम है और प्रत्येक बालिका को शिक्षा प्राप्त कर आत्मनिर्भर बनने का प्रयास करना चाहिए।
श्री देवड़ा ने छात्राओं को बाल विवाह जैसी सामाजिक कुरीतियों के प्रति जागरूक करते हुए कहा कि बाल विवाह बालिकाओं के शिक्षा, स्वास्थ्य, स्वतंत्रता एवं उज्ज्वल भविष्य में बाधा उत्पन्न करता है। बाल विवाह कानूनन प्रतिबंधित है तथा इसकी रोकथाम के लिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने छात्राओं से अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं बाल विवाह की जानकारी मिलती है तो इसकी सूचना संबंधित अधिकारियों को दें तथा इस सामाजिक कुरीति को रोकने में सहयोग करें। उन्होंने आगे कहा कि छात्राओं को महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों, लैंगिक समानता, घरेलू हिंसा से संरक्षण, दहेज प्रतिषेध, कार्यस्थल पर महिलाओं के लैंगिक उत्पीड़न से संरक्षण, बालिकाओं के विरुद्ध अपराधों एवं पॉक्सो अधिनियम के संबंध में भी जानकारी रखनी चाहिए। किसी भी प्रकार की हिंसा, शोषण या अपराध को चुपचाप सहन करने के बजाय इसकी सूचना संबंधित प्राधिकारी को देना चाहिए।
इस अवसर पर जिला विधिक सहायता अधिकारी श्री जयदेव माणिक द्वारा छात्राओं को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की कार्यप्रणाली एवं निःशुल्क विधिक सहायता योजना के संबंध में जानकारी दी गई। उन्होंने बताया कि पात्र व्यक्तियों को विधिक सेवा प्राधिकरण के माध्यम से निःशुल्क अधिवक्ता एवं विधिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। साथ ही राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण की निःशुल्क विधिक सहायता हेल्पलाइन नंबर 15100 की जानकारी दी गई।
शिविर के दौरान छात्राओं को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का वाचन एवं सामूहिक संकल्प भी कराया गया। छात्राओं ने संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने तथा एक जिम्मेदार नागरिक के रूप में अपने कर्तव्यों का पालन करने का संकल्प लिया।
शिविर के दौरान छात्राओं के लिए भारतीय संविधान एवं विधिक जागरूकता विषय पर प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता का आयोजन भी किया गया। प्रतियोगिता में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता करते हुए संविधान के निर्माण, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों, महिला सुरक्षा से संबंधित कानूनों तथा बाल अधिकारों से जुड़े प्रश्नों के उत्तर दिए। प्रतियोगिता के माध्यम से छात्राओं के विधिक ज्ञान का परीक्षण करने के साथ-साथ उन्हें संविधान एवं कानून के प्रति अधिक जागरूक होने के लिए प्रेरित किया गया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली छात्राओं को जिला न्यायाधीश श्री दिनेश देवड़ा द्वारा पुरस्कार वितरित कर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर छात्राओं का उत्साहवर्धन करते हुए उन्हें भविष्य में भी इस प्रकार की शैक्षणिक एवं विधिक जागरूकता संबंधी गतिविधियों में बढ़-चढ़कर भाग लेने के लिए प्रेरित किया गया।
उक्त शिविर में महाविद्यालय प्राचार्य श्रीमती अंजना सोलंकी, शिक्षक/शिक्षिकाऐं एवं छात्राऐं उपस्थित रहीं।
Jansampark Madhya Pradesh CM Madhya Pradesh Indore Commissioner Department of Law & Legislative Affairs, Madhya Pradesh #Jhabua #JansamparkMP