जनजातीय समुदाय के विकास को लेकर जिला स्तरीय सेमिनार, शिक्षा-स्वास्थ्य और पोषण पर हुआ मंथन
सासाराम। जनजातीय समुदाय के समग्र विकास तथा विशेष रूप से महिलाओं और बच्चों से जुड़ी शिक्षा, स्वास्थ्य, पोषण, नेतृत्व एवं सामाजिक संरक्षण की चुनौतियों के समाधान को लेकर बुधवार को समाहरणालय स्थित डीआरडीए सभागार में जिला स्तरीय सेमिनार-सह-कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यक्रम का उद्घाटन जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया।
कार्यशाला में जनजातीय समुदाय की जमीनी समस्याओं, सरकारी योजनाओं की पहुंच और उनके प्रभावी क्रियान्वयन पर विस्तृत चर्चा हुई। साथ ही विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय स्थापित करने तथा स्थानीय जरूरतों के अनुरूप जिला-विशिष्ट कार्ययोजना तैयार करने पर विचार-विमर्श किया गया।
शिक्षा, नेतृत्व एवं सामाजिक संरक्षण के विषय पर डॉ. रंजीत कुमार पाण्डेय और डॉ. रामप्रकाश शर्मा ने जानकारी एवं सुझाव दिए। वहीं स्वास्थ्य एवं पोषण से संबंधित विषयों पर डॉ. महेन्द्र प्रताप और डॉ. पंकज कुमार मिश्रा ने अपने विचार रखे।
जिलाधिकारी ने कहा कि जनजातीय समुदाय के लिए संचालित कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक प्रभावी और पारदर्शी तरीके से पहुंचाना प्राथमिकता होनी चाहिए। उन्होंने योजनाओं के क्रियान्वयन में आने वाली जमीनी समस्याओं को चिह्नित कर संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से समाधान करने का निर्देश दिया।
कार्यशाला में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी, विशेषज्ञ, शिक्षाविद् एवं संबंधित प्रतिनिधि मौजूद रहे।