अमरजीत यादव की न्यायिक हिरासत में मौत को लेकर राजद प्रतिनिधिमंडल ने डीएम को सौंपा मांग-पत्र
सासाराम में अमरजीत यादव की न्यायिक हिरासत के दौरान हुई मृत्यु के मामले में परिजनों द्वारा लगाए गए प्रताड़ना और हत्या के आरोपों को लेकर राष्ट्रीय जनता दल, रोहतास के प्रतिनिधिमंडल ने बुधवार को जिलाधिकारी दीपक कुमार मिश्रा से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने मामले की निष्पक्ष एवं समयबद्ध जांच समेत विभिन्न मांगों को लेकर जिलाधिकारी को मांग-पत्र सौंपा।
प्रतिनिधिमंडल ने परिजनों की शिकायत के आधार पर विधिसम्मत प्राथमिकी दर्ज करने, घटना से संबंधित सीसीटीवी फुटेज, मेडिकल रिकॉर्ड एवं जेल से जुड़े अभिलेखों को सुरक्षित रखने की मांग की। साथ ही जांच में दोषी पाए जाने वाले लोगों के विरुद्ध कठोर कानूनी कार्रवाई तथा पीड़ित परिवार को उचित मुआवजा देने की मांग रखी गई।
युवा राष्ट्रीय जनता दल, रोहतास के शिवन्त कुशवाहा ने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए और पीड़ित परिवार को न्याय मिलना चाहिए। उन्होंने कहा कि उचित कार्रवाई नहीं होने की स्थिति में संगठन आगे के कार्यक्रम पर निर्णय लेगा।
राजद प्रतिनिधिमंडल ने जिला प्रशासन से मामले में शीघ्र और निष्पक्ष कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।