डेहरी के होटल में चल रहा था देह व्यापार, सूचना पर पुलिस छापेमारी, 4 महिलाओं समेत कई पकड़े गए
डेहरी। रोहतास के डेहरी में देह व्यापार की सूचना पर मंगलवार को प्रशासन और पुलिस की टीम ने एक होटल में छापेमारी की। डेहरी एसडीएम निलेश कुमार के नेतृत्व में टीम ने शहर स्थित अनिश होटल में अचानक कार्रवाई की।
छापेमारी के दौरान होटल से चार महिलाओं समेत कई लोगों को पकड़ा गया। टीम ने होटल के कमरों की तलाशी लेते हुए कई आपत्तिजनक सामान बरामद किए जाने की बात कही जा रही है। कार्रवाई की सूचना मिलते ही होटल संचालकों और आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया।
बताया गया कि प्रशासन को होटल में संदिग्ध गतिविधियां संचालित होने की सूचना मिली थी। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। पकड़े गए लोगों से पूछताछ की जा रही है, जबकि होटल संचालक से भी आवश्यक जानकारी ली जा रही है।
प्रशासन की ओर से मामले की जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। अधिकारियों ने होटल में आने-जाने वाले लोगों और संचालित गतिविधियों की भी जानकारी जुटाई है। फिलहाल पूरे मामले में प्रशासन की जांच जारी है।