बिक्रमगंज कोर्ट में बैग से लाइटर गन और चापड़ बरामद, तीन युवक हिरासत में, पुलिस जांच में जुटी।
बिक्रमगंज। व्यवहार न्यायालय बिक्रमगंज के मुख्य प्रवेश द्वार पर बुधवार को सुरक्षा जांच के दौरान एक युवक के बैग से रिवॉल्वरनुमा लाइटर गन और चापड़ बरामद होने से हड़कंप मच गया। सुरक्षा कर्मियों की सतर्कता से युवक को पकड़ लिया गया। पूछताछ के बाद उसके दो साथियों को भी हिरासत में लिया गया। पुलिस ने एक बाइक भी जब्त की है।
पकड़े गए युवकों की पहचान दिनारा थाना क्षेत्र के पुहपी टोला वार्ड संख्या 11 निवासी नीतीश कुमार, गौतम कुमार और प्रिंस कुमार के रूप में हुई है। तीनों एक ही बाइक से कोर्ट पहुंचे थे। प्रवेश के दौरान सुरक्षा कर्मियों को एक युवक की गतिविधि संदिग्ध लगी, जिसके बाद उसके बैग की जांच की गई। तलाशी में रिवॉल्वर जैसी दिखने वाली लाइटर गन और बड़ा चाकू (चापड़) मिला।
इसके बाद तीनों को कोर्ट पुलिस ने अनुमंडलीय अभियोजन पदाधिकारी मनौव्वर अली के समक्ष प्रस्तुत किया। वहां से सूचना मिलने पर बिक्रमगंज थाना पुलिस ने तीनों को अपने कब्जे में लेकर पूछताछ शुरू की।
थानाध्यक्ष दिनेश मालाकार के अनुसार, बरामद रिवॉल्वर असली हथियार नहीं बल्कि लाइटर गन है। पूछताछ में युवकों ने इसे रील बनाने के लिए मंगाने की बात कही है। वहीं चापड़ गांव के एक परिचित युवक द्वारा बैग में रखने की बात बताई गई है। पुलिस इन दावों का सत्यापन कर रही है और तीनों की आपराधिक पृष्ठभूमि के साथ कोर्ट परिसर में पहुंचने के उद्देश्य की भी जांच की जा रही है।
कोर्ट की सुरक्षा में तैनात कर्मियों की सतर्कता से समय रहते संदिग्ध सामान पकड़ लिया गया।