बालिका दिवस पर नवजातों को मिली बेबी किट, मखदुमपुर अस्पताल में कंगारू मदर केयर सेंटर शुरू
जहानाबाद : अंतरराष्ट्रीय बालिका दिवस के अवसर पर रविवार को जिला पदाधिकारी छिरिंग वाई भूटिया ने रेफरल अस्पताल, मखदुमपुर में नवनिर्मित कंगारू मदर केयर (केएमसी) सेंटर का उद्घाटन किया। इस दौरान आठ नवजात शिशुओं और उनकी माताओं के बीच बेबी किट एवं पौष्टिक आहार का वितरण किया गया। जिला पदाधिकारी ने प्रसूति महिलाओं से बातचीत कर अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सुविधाओं और नवजात शिशुओं की देखभाल की व्यवस्था की जानकारी ली।
कम वजन वाले बच्चों की देखभाल पर जोर
कंगारू मदर केयर सेंटर के माध्यम से नवजात शिशुओं, विशेषकर कम वजन और समय से पहले जन्म लेने वाले बच्चों की बेहतर देखभाल सुनिश्चित करने पर जोर दिया गया। जिला पदाधिकारी ने माताओं को स्तनपान, पौष्टिक आहार, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और स्वच्छता के महत्व के बारे में जागरूक किया। उन्होंने कहा कि नवजात शिशुओं के समुचित पोषण और देखभाल से उनके स्वास्थ्य में सुधार लाया जा सकता है।
अस्पताल के विभिन्न वार्डों का किया निरीक्षण
सेंटर के उद्घाटन के बाद जिला पदाधिकारी ने अस्पताल के विभिन्न वार्डों, प्रसव कक्ष और आपातकालीन कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने चिकित्सकों से मरीजों के उपचार, दवाओं की उपलब्धता और अस्पताल में दी जा रही स्वास्थ्य सुविधाओं की जानकारी ली। अस्पताल परिसर में साफ-सफाई की स्थिति का भी जायजा लिया।
कायाकल्प कार्यक्रम के तहत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी), मखदुमपुर के भवन का रंग-रोगन और सौंदर्यीकरण कार्य जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया। उन्होंने अस्पताल में नियमित साफ-सफाई, स्वच्छ शौचालय और सुव्यवस्थित वार्डों के साथ मरीजों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने पर जोर दिया।
मरीजों को अनावश्यक रेफर नहीं करने का निर्देश
जिला पदाधिकारी ने चिकित्सकों और स्वास्थ्यकर्मियों को संवेदनशीलता के साथ मरीजों का इलाज करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि अस्पताल आने वाले प्रत्येक मरीज को समय पर गुणवत्तापूर्ण चिकित्सा सुविधा मिलनी चाहिए। अनावश्यक रूप से मरीजों को दूसरे अस्पतालों में रेफर करने से बचने और प्रसूति महिलाओं एवं नवजात शिशुओं की विशेष देखभाल सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने कहा कि आम नागरिकों को सुलभ, गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है। इसके लिए सभी स्वास्थ्य संस्थानों में साफ-सफाई, आधारभूत सुविधाओं और चिकित्सा व्यवस्था की नियमित निगरानी की जाएगी।
इस अवसर पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. अनिल कुमार, स्वास्थ्य प्रबंधक अनुराधा कुमारी, शहनवाज आलम, डॉ. प्रभात कुमार अखौरी सहित अस्पताल के अन्य चिकित्सक और स्वास्थ्यकर्मी उपस्थित थे।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 11, 2026