बिक्रमगंज के जनता दरबार में 37 परिवादियों की समस्याओं की हुई सुनवाई
15 मामलों का मौके पर ही निष्पादन, भूमि विवाद से जुड़े सबसे अधिक 17 आवेदन पहुंचे
बिक्रमगंज (रोहतास)। आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित एवं पारदर्शी समाधान को लेकर शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज द्वारा अपने कार्यालय कक्ष में 'सबका सम्मान-जीवन आसान' कार्यक्रम के तहत जनता दरबार का आयोजन किया गया। इसमें अनुमंडल क्षेत्र के विभिन्न प्रखंडों से पहुंचे लोगों की समस्याएं सुनी गईं।
जनता दरबार में कुल 37 परिवादियों ने अपनी शिकायतें एवं समस्याएं प्रस्तुत कीं। इनमें भूमि विवाद से संबंधित 17, आपूर्ति से संबंधित सात तथा अन्य मामलों से जुड़े 13 परिवाद शामिल थे। इनमें से 15 परिवादियों के आवेदनों पर अनुमंडल पदाधिकारी ने ऑन द स्पॉट सुनवाई करते हुए निष्पादन किया।
इस दौरान एसडीओ ने सभी परिवादियों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना और संबंधित विभागों के पदाधिकारियों को नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई करते हुए मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित करने का निर्देश दिया।
उन्होंने परिवादियों को आश्वस्त किया कि प्राप्त शिकायतों पर निष्पक्ष एवं समयबद्ध कार्रवाई की जाएगी। एसडीओ ने कहा कि जनता की समस्याओं का त्वरित और पारदर्शी समाधान प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। आम नागरिक जनता दरबार के माध्यम से अपनी समस्याएं प्रशासन के समक्ष रख सकते हैं।