मोथा सूर्य मंदिर छठ घाट का एसडीओ ने किया निरीक्षण, तैयारियां जल्द पूरी करने का निर्देश
छठ व्रतियों की सुविधा और सुरक्षा को लेकर साफ-सफाई, रोशनी एवं बैरिकेडिंग की व्यवस्था दुरुस्त करने पर जोर
काराकाट (रोहतास)। छठ महापर्व को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराने को लेकर शुक्रवार को अनुमंडल पदाधिकारी, बिक्रमगंज ने काराकाट प्रखंड के मोथा गांव स्थित सूर्य मंदिर छठ घाट का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने छठ पूजा को लेकर की जा रही तैयारियों का जायजा लिया। मौके पर प्रखंड विकास पदाधिकारी, काराकाट सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी मौजूद रहे।
निरीक्षण के दौरान एसडीओ ने घाट की साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, बैरिकेडिंग, श्रद्धालुओं के आवागमन और सुरक्षा सहित विभिन्न व्यवस्थाओं का बारीकी से अवलोकन किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को घाट पर पाई गई कमियों को चिह्नित कर निर्धारित समय-सीमा के भीतर दूर करने का निर्देश दिया।
एसडीओ ने कहा कि छठ महापर्व के दौरान व्रतियों एवं श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसमें किसी प्रकार की लापरवाही नहीं होनी चाहिए। सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूरी की जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को पूजा-अर्चना के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। प्रशासन की ओर से छठ घाटों पर सुरक्षा और सुविधाओं को लेकर लगातार निगरानी की जा रही है।