गौवंश तस्करी और पशु चोरी के मामलों में फरार जावेद इंदौर से गिरफ्तार, कई जिलों में दर्ज हैं अपराध
देवास जिले के कन्नौद थाना क्षेत्र में गौवंश तस्करी और पशु चोरी के तीन मामलों में फरार चल रहे आरोपी जावेद को पुलिस ने इंदौर स्थित उसके निवास से गिरफ्तार किया है। आरोपी पर इंदौर, उज्जैन और देवास में गौवंश तस्करी, मारपीट और अवैध हथियार रखने सहित कई अपराध दर्ज हैं।
पुलिस के अनुसार, आरोपी जावेद पिता सलीम निवासी मुंबई बाजार, इंदौर की थाना कन्नौद में दर्ज तीन अपराधों में संलिप्तता सामने आई थी। आरोप है कि वह वर्ष 2018 से प्रतिबंधित गौवंश मांस के अवैध कारोबार में शामिल था। अपने साथियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों से बकरा-बकरी चोरी करने और निराश्रित गौवंश का अवैध परिवहन, वध एवं मांस विक्रय करने की गतिविधियों में भी उसकी भूमिका थी।
इस मामले में आरोपी के अन्य साथी पहले ही गिरफ्तार किए जा चुके थे, जबकि जावेद फरार था। उसकी तलाश में पुलिस इंदौर, उज्जैन और देवास में दबिश दे रही थी। 25 नवंबर को मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर कन्नौद पुलिस ने इंदौर स्थित उसके घर पर घेराबंदी कर उसे गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के मुताबिक, आरोपी के खिलाफ जूनी इंदौर, पंडरीनाथ, रावजी बाजार, चिमनगंज मंडी उज्जैन और बीएनपी देवास थानों में विभिन्न अपराध दर्ज हैं।
कार्रवाई में थाना प्रभारी तहजीब काजी सहित पुलिस टीम की भूमिका रही। आरोपी से प्रकरणों के संबंध में आगे पूछताछ की जा रही है।