देवास। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव शुक्रवार को जन-विश्वास अभियान के तहत देवास पहुंचे। अपने दौरे के दौरान मुख्यमंत्री ने उद्योग, रोजगार, शिक्षा, जनसमस्याओं के निराकरण और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को लेकर कई महत्वपूर्ण घोषणाएं कीं। देवास को औद्योगिक क्षेत्र के रूप में विकसित करने से लेकर प्रशासनिक लापरवाही पर कार्रवाई तक, मुख्यमंत्री का दौरा कई अहम फैसलों के नाम रहा।
देवास को मिलेगा औद्योगिक कॉरिडोर, बनेगा देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क
उद्यमी संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने देवास के औद्योगिक भविष्य को लेकर बड़ी घोषणा की। उन्होंने कहा कि जबलपुर से देवास होते हुए इंदौर-उज्जैन तक औद्योगिक कॉरिडोर विकसित किया जाएगा। इससे क्षेत्र में औद्योगिक गतिविधियों, निवेश और रोजगार के नए अवसरों को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री ने बताया कि देवास के पास देश का पहला डीप टेक रिसर्च पार्क भी विकसित किया जा रहा है। यह परियोजना आधुनिक तकनीक, अनुसंधान और नवाचार के क्षेत्र में देवास को नई पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण साबित हो सकती है।
समाधान ऑनलाइन में बड़ा एक्शन, अधिकारी निलंबित और ठेकेदार पर जुर्माना
इसके बाद मुख्यमंत्री पॉलिटेक्निक कॉलेज में आयोजित समाधान ऑनलाइन कार्यक्रम में शामिल हुए। यहां उन्होंने आम नागरिकों की शिकायतें सुनीं और संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही कार्रवाई के निर्देश दिए।
* उद्योग विभाग में लापरवाही के मामले में महाप्रबंधक उद्योग रतन सिंह डावर को निलंबित किया गया।
* लाड़ली लक्ष्मी छात्रवृत्ति में गड़बड़ी के मामले में संबंधित पर्यवेक्षक की वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश दिए गए।
* नल जल योजना में लापरवाही पाए जाने पर संबंधित ठेकेदार पर 10 लाख रुपये की पेनल्टी लगाई गई।
शहीद परिवार को 10 लाख, किसान को 50 हजार की सहायता
मुख्यमंत्री ने शहीद सैनिक स्वर्गीय पवन यादव के परिवार को 10 लाख रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की। वहीं किसान लाल सिंह को भी 50 हजार रुपये की आर्थिक मदद देने का ऐलान किया।
युवा संवाद में रोजगार और स्वरोजगार पर जोर
युवा संवाद कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने युवाओं से संवाद करते हुए कहा कि युवा केवल नौकरी लेने वाले नहीं, बल्कि नौकरी देने वाले बनें। उन्होंने युवाओं को स्वरोजगार, उद्यमिता और नए अवसरों की दिशा में आगे बढ़ने का संदेश दिया।
.
Dewas | Dewas City | Dewas Update | देवास | देवास शहर | Dewas News | Hello Dewas
#dewas #hellodewas #dewasnewsupdate