नशा से कभी किसी का भला नहीं हुआ- राज्यमंत्री श्री लोधी
===
संत रविदास जी की 650वीं जयंती पर निकली समरसता संकल्प अभियान कलश वंदन यात्रा
==
राज्यमंत्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में 16 ग्रामों में पहुंची यात्रा, मंदिरों में की जा रही कलश स्थापना
==
संत शिरोमणि गुरु रविदास महाराज जी की 650वीं जयंती के अवसर पर प्रदेश के संस्कृति, पर्यटन, धार्मिक न्यास एवं धर्मस्व विभाग के राज्यमंत्री स्वतंत्र प्रभार श्री धर्मेंद्र सिंह लोधी के नेतृत्व में समरसता संकल्प अभियान के तहत कलश वंदन यात्रा विभिन्न ग्रामों में आयोजित की जा रही है। यात्रा के दौरान ग्रामों में स्थापित संत रविदास जी के मंदिरों में कलश स्थापना एवं पूजन किया जा रहा है।
कलश में संत रविदास जी की जन्मस्थली से लाई गई पवित्र मिट्टी एवं जल का समावेश किया गया है। इसके साथ ही गुरु ग्रंथ की भी स्थापना की जा रही है। यात्रा का उद्देश्य संत रविदास जी के समरसता, सामाजिक समानता, सद्भाव और नशामुक्त समाज के संदेश को जन-जन तक पहुंचाना है।
राज्यमंत्री श्री लोधी ने कहा कि संत रविदास जी ने समाज को सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ने और बुराइयों से दूर रहने का संदेश दिया है। उन्होंने नशामुक्ति का आह्वान करते हुए कहा, “लगे दम तो मिटे गम, यह एक बहाना है, नशा प्रगति नहीं मित्रों, मौत का बुलावा है।” उन्होंने कहा कि संत रविदास जी के विचारों को शिरोधार्य करते हुए सभी को नशे से दूर रहने और समाज को नशामुक्त बनाने का संकल्प लेना चाहिए।
उन्होंने कहा डॉ. भीमराव अंबेडकर जी के जीवन से जुड़े महत्वपूर्ण स्थानों को पंचतीर्थ के रूप में विकसित कर सम्मान देने का कार्य सरकार द्वारा किया गया है। इनमें मध्यप्रदेश की जन्मभूमि महू, लंदन की शिक्षाभूमि, नागपुर की दीक्षाभूमि, नई दिल्ली की महापरिनिर्वाण भूमि तथा मुंबई की चैत्यभूमि शामिल हैं।
16 ग्रामो में पहुची कलश वंदन यात्रा
चतुर्थ दिवस की कलश वंदन यात्रा का शुभारंभ मगदुपुरा से हुआ। यात्रा झलौन, गुहंची, पुरा, मुहरा, मोहड़, हिनौती, केवलारी, बांदोपहार, तेजगढ़, परासई, बिजौरा, खमरिया, कंचनपुरी, बीजाडोंगरी एवं गूढ़ा सहित कुल 16 ग्रामों में पहुंची।
Damoh, Madhya Pradesh | Sep 10, 2026