त्योहारों के मद्देनजर खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई
________________
07 खाद्य प्रतिष्ठानों का निरीक्षण कर लिए गए 14 नमूने, जांच के लिए भोपाल भेजे
________________
150 किलो मिथ्याछाप नमकीन और 40 लाख रुपये मूल्य का 35 टन रिफाइंड पाम तेल जब्त
________________
खरगोन 14 अक्टूबर 2026। नवरात्रि एवं दीपावली त्योहारों को देखते हुए जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया जा रहा है। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार एवं आयुक्त, खाद्य सुरक्षा, मध्यप्रदेश के आदेश पर खाद्य सुरक्षा प्रशासन की टीम ने 12 एवं 13 अक्टूबर को विभिन्न प्रतिष्ठानों पर कार्रवाई करते हुए 14 खाद्य नमूने जांच के लिए लिए। इस दौरान 150 किलोग्राम नमकीन, जिसकी कीमत 20 हजार रुपये है, तथा 40 लाख रुपये मूल्य का 35 टन रिफाइंड पाम तेल जब्त किया गया।
मुन्ना नमकीन से 150 किलो नमकीन जब्त
12 अक्टूबर को महेश्वर स्थित मुन्ना नमकीन से रानी नमकीन सेव एवं हल्दी पाउडर के नमूने जांच के लिए लिए गए। नमकीन के पैकेट पर बैच नंबर एवं लाइसेंस नंबर अंकित नहीं होने के कारण 150 किलोग्राम नमकीन जब्त की गई। इसकी कीमत लगभग 20 हजार रुपये बताई गई है।
इसी दिन महेश्वर स्थित श्री हरि होटल से मिल्क केक एवं सोयाबीन तेल तथा वैष्णवी स्वीट्स से मावा बर्फी एवं बेसन के नमूने लिए गए।
लूज तेल बेचने पर 35 टन रिफाइंड पाम तेल जब्त
13 अक्टूबर को खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने खरगोन के रविन्द्र नगर, जवाहर मार्ग स्थित आनंद सुपारी सेंटर का निरीक्षण किया। यहां गंगवाल खमण मिक्स, काजू, बादाम एवं सौंफ के पैकेट के नमूने लिए गए। प्रतिष्ठान में ड्राई फ्रूट्स, दालों एवं मसालों की पैकिंग वैध लाइसेंस के बिना किए जाने पर प्रकरण बनाया गया।
इसके बाद तुलसी टावर, जवाहर मार्ग स्थित केशव इंटरप्राइजेज का निरीक्षण किया गया। यहां रिफाइंड सोयाबीन तेल की हर्ष ब्रांड के नाम से पैकिंग की जा रही थी, जबकि रिफाइंड पाम तेल खुले में बेचा जा रहा था। विभाग के अनुसार, प्रतिष्ठान को तेल की पैकिंग एवं विक्रय के लिए लाइसेंस प्राप्त था, लेकिन रिफाइंड पाम तेल को खुले में बेचा जा रहा था।
खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के तहत खुले में तेल विक्रय एवं पैकिंग के लिए क्रय किए गए तेल को खुले में बेचने के कारण मौके पर उपलब्ध 35 टन रिफाइंड पाम तेल, जिसकी कीमत लगभग 40 लाख रुपये है, आगामी आदेश तक जब्त किया गया। यहां हर्ष ब्रांड रिफाइंड सोयाबीन तेल के पैक एवं रिफाइंड पाम तेल के नमूने भी जांच के लिए लिए गए।
अन्य प्रतिष्ठानों से भी लिए नमूने
टीम ने ग्राम उटावद, तहसील कसरावद स्थित गाडगे ब्रदर्स से गाडगे श्री रिफाइंड सोयाबीन तेल का नमूना लिया। वहीं, शिकायत के आधार पर आरती टॉकीज स्थित कैंटीन का निरीक्षण कर विक्रेता श्री विजय नारायण तिवारी से बेक्ड समोसे का नमूना जांच के लिए लिया गया।
जांच रिपोर्ट के आधार पर होगी कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लिए गए सभी 14 नमूने जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण प्रयोगशाला, भोपाल भेजे गए हैं। जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
इस कार्रवाई में अभिहित अधिकारी श्री सचिन लौगरिया तथा खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री आर.आर. सोलंकी एवं श्री नरसिंह सोलंकी शामिल रहे। विभाग ने बताया कि त्योहारों के दौरान खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए निरीक्षण एवं कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
#JansamparkMP #khargone