युवा संगम में 214 युवाओं का रोजगार के लिए प्राथमिक चयन
________________
शासकीय आईटीआई खरगोन में रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेले का आयोजन
________________
युवाओं को स्वरोजगार अपनाकर उद्यमी बनने के लिए किया प्रेरित, 47 युवाओं का प्रशिक्षण हेतु पंजीयन
________________
खरगोन 13 अक्टूबर 2026। कलेक्टर श्री गुरु प्रसाद के निर्देशानुसार एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मिलिंद कुमार नागदेवे के मार्गदर्शन में जिले के युवाओं को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से जिला रोजगार कार्यालय, खरगोन द्वारा शासकीय आईटीआई, खरगोन में युवा संगम (रोजगार, स्वरोजगार एवं अप्रेंटिसशिप मेला) आयोजित किया गया। मेले का शुभारंभ नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बापू सिंह परिहार एवं जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री मिलिंद कुमार नागदेवे ने किया।
युवाओं को रोजगार एवं स्वरोजगार के लिए किया प्रेरित
नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती छाया जोशी ने युवाओं को रोजगार के अधिक से अधिक अवसरों का लाभ लेने के लिए मार्गदर्शन दिया। साथ ही स्वरोजगार के माध्यम से युवा उद्यमी बनने के लिए प्रेरित किया। जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्री बापू सिंह परिहार ने उपस्थित युवाओं को नशामुक्ति की शपथ दिलाई।
मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत श्री मिलिंद कुमार नागदेवे ने मेले में शामिल निजी कंपनियों के प्रतिनिधियों को युवाओं के समक्ष अपनी कंपनियों की कार्यप्रणाली, रोजगार के अवसरों एवं उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत जानकारी देने के निर्देश दिए, ताकि युवा विभिन्न कंपनियों के बारे में जानकारी प्राप्त कर रोजगार के बेहतर विकल्प चुन सकें।
214 युवाओं का प्राथमिक चयन, 47 युवाओं का प्रशिक्षण के लिए पंजीयन
युवा संगम में शामिल निजी कंपनियों द्वारा कुल 214 युवाओं का रोजगार के लिए प्राथमिक चयन किया गया। उद्योग विभाग द्वारा हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के तहत हितलाभ वितरित किए गए। स्वास्थ्य विभाग द्वारा उपस्थित युवाओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया, वहीं आरसेटी के माध्यम से प्रशिक्षण प्राप्त करने के लिए 47 युवाओं का पंजीयन किया गया।
कर्मचारी भविष्य निधि संगठन (ईपीएफओ) से आए प्रतिनिधि ने प्रधानमंत्री विकसित भारत रोजगार योजना के संबंध में युवाओं को विस्तृत जानकारी दी तथा योजना का प्रचार-प्रसार किया।
कार्यक्रम में जिला रोजगार अधिकारी श्रीमती प्रीतिबाला सस्ते, शासकीय आईटीआई के प्राचार्य श्री विशाल नरगावे, आरसेटी प्रबंधक श्री रजत अग्रवाल, उद्योग विभाग के सहायक प्रबंधक श्री राजीव बरडे, डॉ. भूपेश पाटीदार, सुश्री किरण डुडवे, स्वास्थ्य विभाग के डॉ. अविनाश सोनी तथा ईपीएफओ खंडवा के श्री बांद्रे सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone