महिला सशक्तिकरण की दिशा में पहल, 150 से अधिक छात्राएं ले रही हैं कंप्यूटर प्रशिक्षण
________________
प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस खरगोन में चार बैचों में दिया जा रहा व्यावहारिक प्रशिक्षण
________________
एआई, एमएस वर्ड, टैली और साइबर सुरक्षा की जानकारी से छात्राओं को बनाया जा रहा तकनीकी रूप से दक्ष
________________
खरगोन 13 अक्टूबर 2026। प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय खरगोन में प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान के मार्गदर्शन में महिला सशक्तिकरण समिति एवं कंप्यूटर विभाग के संयुक्त तत्वावधान में छात्राओं के लिए विशेष कंप्यूटर प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंतर्गत चार बैचों में 150 से अधिक छात्राएं कंप्यूटर का व्यावहारिक प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं।
प्रशिक्षण के दौरान छात्राओं को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी के साथ आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई), कार्यालयीन कार्यों में कंप्यूटर का उपयोग, एमएस वर्ड, टैली तथा साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां दी जा रही हैं। इस पहल का उद्देश्य छात्राओं को डिजिटल तकनीक में दक्ष बनाना, उनकी कार्यकुशलता बढ़ाना तथा उन्हें रोजगार और भविष्य की व्यावसायिक आवश्यकताओं के लिए तैयार करना है।
डिजिटल ज्ञान से बढ़ेगा आत्मविश्वास
महिला सशक्तिकरण समिति की संयोजक डॉ. ललिता बर्गे ने बताया कि वर्तमान डिजिटल युग में कंप्यूटर एवं तकनीकी ज्ञान प्रत्येक विद्यार्थी के लिए आवश्यक है। छात्राओं को व्यावहारिक प्रशिक्षण मिलने से उनका आत्मविश्वास बढ़ेगा तथा वे शिक्षा, रोजगार और कार्यालयीन कार्यों में तकनीक का बेहतर उपयोग कर सकेंगी।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. जी.एस. चौहान ने इस पहल को छात्राओं के कौशल विकास एवं आत्मनिर्भरता की दिशा में महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण कार्यक्रम छात्राओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ने और उनके उज्ज्वल भविष्य के निर्माण में सहायक सिद्ध होंगे।
इस अवसर पर समिति के सदस्य डॉ. गणेश पाटिल, डॉ. गायत्री चौहान, डॉ. सोनिका बघेल, डॉ. सावित्री भगोरे सहित प्रशिक्षण प्राप्त कर रही छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone