सेवा संकल्प अभियान के तहत विधि महाविद्यालय के विद्यार्थियों ने चलाया स्वच्छता अभियान
________________
हनुमान मंदिर परिसर और विद्यालय पहुंच मार्ग पर किया श्रमदान
________________
स्वच्छता के प्रति जागरूकता फैलाकर दिया सामाजिक जिम्मेदारी निभाने का संदेश
________________
खरगोन 14 अक्टूबर 2026। शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन की राष्ट्रीय सेवा योजना इकाई द्वारा ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत स्वच्छता एवं श्रमदान अभियान आयोजित किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई के संरक्षण एवं मार्गदर्शन तथा एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी सुश्री शिवांगी निराले के निर्देशन में विद्यार्थियों ने सामाजिक सहभागिता का परिचय देते हुए स्वच्छता का संदेश दिया।
अभियान के अंतर्गत एनएसएस स्वयंसेवकों ने मुख्य मार्ग स्थित प्रसिद्ध हनुमान मंदिर परिसर और विद्यालय पहुंच मार्ग पर श्रमदान किया। विद्यार्थियों ने क्षेत्र में फैले कचरे, सूखे पत्तों, प्लास्टिक अपशिष्ट और झाड़ियों को हटाकर परिसर एवं मार्ग को स्वच्छ और व्यवस्थित बनाया। साथ ही स्थानीय नागरिकों और राहगीरों को स्वच्छता बनाए रखने तथा कचरा निर्धारित स्थान पर ही डालने के लिए जागरूक किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने विद्यार्थियों के सेवा भाव की सराहना करते हुए कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ का उद्देश्य युवाओं में राष्ट्र और समाज के प्रति समर्पण की भावना विकसित करना है। स्वच्छता केवल एक दिन का कार्य नहीं, बल्कि इसे दैनिक जीवन का संस्कार बनाना आवश्यक है।
एनएसएस कार्यक्रम प्रभारी सुश्री शिवांगी निराले ने बताया कि अभियान के तहत विद्यार्थी निरंतर सामुदायिक कार्यों में भागीदारी निभा रहे हैं। ऐसे आयोजनों से विद्यार्थियों में श्रम की गरिमा, सामाजिक जिम्मेदारी और नेतृत्व क्षमता का विकास होता है।
इस दौरान महाविद्यालय परिवार के सुश्री तृप्ति जायसवाल, श्री चन्द्र भान त्रिवेदी, सुश्री तृप्ति सोनी, श्री सत्यन निंगवाल, डॉ. पी.एल. जमरा, श्री राजेश बालके, श्री प्रकाश बघेल, श्री सदाशिव कलमे, श्री महेश कलमे, श्री सिद्दीक खान सहित छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान