जनगणना-2027 के द्वितीय चरण के प्रशिक्षण का आयोजन
________________
कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी के निर्देशन में आयोजित हो रहा चार दिवसीय प्रशिक्षण
________________
जिला एवं नगरीय चार्ज अधिकारियों के बाद ग्रामीण चार्ज अधिकारियों को दिया जाएगा प्रशिक्षण
________________
जनसंख्या गणना की प्रक्रिया, तकनीकी कार्यों और डेटा गुणवत्ता के संबंध में दी जा रही जानकारी
________________
खरगोन 13 अक्टूबर 2026। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री गुरु प्रसाद के निर्देशन में जनगणना-2027 के द्वितीय चरण अर्थात जनसंख्या गणना के सफल क्रियान्वयन के लिए नवीन कलेक्ट्रेट भवन स्थित कक्ष क्रमांक-24, ई-दक्ष केंद्र में 12 से 15 अक्टूबर 2026 तक चार दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण आयोजित किया जा रहा है।
प्रशिक्षण के अंतर्गत 12 एवं 13 अक्टूबर को जिला एवं नगरीय चार्ज से संबंधित अधिकारियों को प्रशिक्षण दिया गया। वहीं, 14 एवं 15 अक्टूबर को ग्रामीण चार्ज अधिकारियों एवं संबंधित कर्मचारियों को प्रशिक्षण प्रदान किया जाएगा।
जनगणना की प्रक्रिया एवं तकनीकी कार्यों की दी जा रही जानकारी
प्रशिक्षण में जनगणना की परिचालन प्रक्रिया एवं अधिकारियों के दायित्वों, सीएमएमएस पोर्टल पर गणना ब्लॉक (ईबी) का गठन, उप-गणना ब्लॉक (सब ईबी) का सीमांकन, ले-आउट मैप, संक्षिप्त मकान सूची एवं चार्ज रजिस्टर तैयार करने की प्रक्रिया की जानकारी दी जा रही है। इसके साथ ही पीई मोबाइल ऐप, स्व-गणना पोर्टल, जनगणना की अवधारणाओं एवं प्रश्न क्रमांक 1 से 40 तक की जानकारी, डेटा गुणवत्ता, प्रचार-प्रसार तथा लॉजिस्टिक्स प्रबंधन से संबंधित विषयों पर भी प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
सटीक एवं समयबद्ध जनगणना के लिए अधिकारियों को किया जा रहा दक्ष
प्रशिक्षण का उद्देश्य अधिकारियों को आगामी जनसंख्या गणना के लिए आवश्यक प्रशासनिक एवं तकनीकी कार्यों, प्रगणक एवं पर्यवेक्षक प्रशिक्षण की व्यवस्था, क्षेत्रीय कवरेज तथा गणना कार्य की निगरानी के लिए दक्ष बनाना है। इससे जनगणना की प्रक्रिया को व्यवस्थित एवं प्रभावी ढंग से संचालित करने में सहायता मिलेगी। कलेक्टर एवं प्रमुख जिला जनगणना अधिकारी श्री गुरु प्रसाद के निर्देशन में जनगणना कार्य को शुद्धता, पारदर्शिता एवं समयबद्धता के साथ संपन्न कराने के लिए आवश्यक तैयारियां की जा रही हैं।
#JansamparkMP #khargone Chief Electoral Officer Madhya Pradesh Election Commission of India