‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत सड़क सुरक्षा जागरूकता की अनूठी पहल
________________
यातायात नियमों का पालन करने वाले वाहन चालकों को फूल भेंट कर कहा धन्यवाद
________________
नियमों का उल्लंघन करने वालों को गुलाब देकर समझाया सड़क सुरक्षा का महत्व
________________
खरगोन 13 अक्टूबर 2026। ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत शासकीय विधि महाविद्यालय, खरगोन के विद्यार्थियों ने यातायात पुलिस विभाग के संयुक्त तत्वावधान में सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाया। इस दौरान विद्यार्थियों ने शहर के प्रमुख मार्गों एवं चौराहों पर राहगीरों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के पालन के प्रति जागरूक किया।
महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई के मार्गदर्शन एवं कार्यक्रम संयोजक सुश्री तृप्ति सोनी के नेतृत्व में आयोजित इस अभियान में विधि के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। विद्यार्थियों ने लोगों से संवाद कर सड़क सुरक्षा के महत्व और यातायात नियमों के पालन की आवश्यकता बताई।
अभियान के दौरान हेलमेट पहनने, सीट बेल्ट लगाने और यातायात संकेतों का पालन करने वाले वाहन चालकों को विद्यार्थियों ने फूल भेंट कर धन्यवाद दिया तथा उनके अनुशासित व्यवहार की सराहना की। वहीं, यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले चालकों को गुलाब का फूल देकर समझाइश दी गई। विद्यार्थियों ने उनसे भविष्य में यातायात नियमों का पालन करने और स्वयं के साथ दूसरों के जीवन की सुरक्षा सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
सड़क सुरक्षा मानव जीवन की रक्षा का संकल्प
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. दिग्विजय सिंह मंडलोई ने कहा कि ‘सेवा संकल्प अभियान’ विद्यार्थियों में सामाजिक उत्तरदायित्व और सेवा भाव विकसित करने का महत्वपूर्ण माध्यम है। सड़क सुरक्षा केवल कानून का पालन करना नहीं, बल्कि अनमोल मानव जीवन की रक्षा का संकल्प है।
कार्यक्रम संयोजक सुश्री तृप्ति सोनी ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य दंडात्मक प्रक्रिया के स्थान पर सकारात्मक प्रेरणा और जन-जागरूकता के माध्यम से समाज में बदलाव लाना है। इस प्रकार की पहल से नागरिकों में यातायात नियमों के प्रति जिम्मेदारी और जागरूकता बढ़ती है।
कार्यक्रम में यातायात पुलिस विभाग के अधिकारी-कर्मचारियों सहित महाविद्यालय परिवार से सुश्री तृप्ति जायसवाल, श्री चन्द्र भान त्रिवेदी, सुश्री शिवांगी निराले, श्री सत्यम निंगवाल, श्री पी.एस. जमरा, श्री राजेश बालके, श्री प्रकाश बघेल, श्री सदाशिव कलमे, श्री महेश कलमे, श्री सिद्दीक खान तथा छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान