शासकीय कन्या महाविद्यालय में संजा बनाओ प्रतियोगिता आयोजित
________________
छात्राओं ने संजा माता की आकर्षक कलाकृतियां बनाकर दिखाई कलात्मक प्रतिभा
________________
निमाड़ की लोक संस्कृति एवं पारंपरिक लोकगीतों ने बांधा समां
________________
खरगोन 13 अक्टूबर 2026। शासकीय कन्या महाविद्यालय, खरगोन में राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के अंतर्गत विकसित भारत @2047 की संकल्पना को साकार करने तथा स्थानीय लोक संस्कृति, कला एवं सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन के उद्देश्य से पैनल चर्चा एवं संजा बनाओ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. आर. के. यादव की अध्यक्षता में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं ने उत्साहपूर्वक सहभागिता कर अपनी रचनात्मक एवं कलात्मक प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्देश्य छात्राओं को भारतीय ज्ञान परंपरा तथा निमाड़ की समृद्ध लोक संस्कृति से जोड़ना और पारंपरिक कलाओं के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। प्रतियोगिता में छात्राओं ने संजा माता की आकर्षक कलाकृतियां बनाकर निमाड़ की पारंपरिक कला एवं संस्कृति के प्रति अपनी रुचि प्रदर्शित की।
इस अवसर पर राष्ट्रीय शिक्षा नीति प्रभारी डॉ. ममता गोयल ने अपने विचार व्यक्त करते हुए कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास, भारतीय ज्ञान परंपरा, स्थानीय कला-संस्कृति के संरक्षण तथा कौशल विकास पर विशेष बल देती है। इस प्रकार की गतिविधियों से छात्राओं में रचनात्मकता, सांस्कृतिक चेतना और अपनी विरासत के प्रति सम्मान की भावना विकसित होती है।
प्रतियोगिता में छात्राओं ने हासिल किए स्थान
संजा बनाओ प्रतियोगिता में कुमारी पूनम चंदन गोयल, बी.एससी. गृह विज्ञान द्वितीय वर्ष ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। कुमारी बेबी देवनारायण दोहरे ने द्वितीय तथा कुमारी चंदा भागीरथ, बी.एससी. तृतीय वर्ष ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। अन्य प्रतिभागी छात्राओं को भी प्रोत्साहित किया गया। प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका प्रोफेसर प्रीति हाड़ा एवं डॉ. सेवंती डावर ने निभाई।
पारंपरिक निमाड़ी लोकगीत रहे आकर्षण का केंद्र
कार्यक्रम का विशेष आकर्षण छात्राओं द्वारा संजा माता के पारंपरिक निमाड़ी लोकगीतों की प्रस्तुति रही। लोकगीतों के माध्यम से छात्राओं ने निमाड़ की समृद्ध लोक परंपराओं और सांस्कृतिक विरासत को जीवंत किया।
कार्यक्रम में डॉ. मोनिका चौहान, डॉ. मनीषा चौहान, प्रोफेसर अनुराधा बरुड़, प्रोफेसर शर्मिला किराड़े, प्रोफेसर दिव्या व्यास, डॉ. बसंती मुजाल्दे सहित महाविद्यालय की छात्राएं उपस्थित रहीं।
#JansamparkMP #khargone #सेवा_संकल्प_अभियान