दुर्गापूजा को लेकर शहर में निकला फ्लैग मार्च, शांति बनाए रखने की अपील
जहानाबाद : दुर्गापूजा को शांतिपूर्ण एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने को लेकर बुधवार को पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के नेतृत्व में शहर में फ्लैग मार्च निकाला गया। फ्लैग मार्च सदर थाना से शुरू होकर अस्पताल मोड़, अरवल मोड़, निचली रोड, मलहचक मोड़ सहित शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरा।
इस दौरान पुलिस पदाधिकारियों ने आम लोगों से पर्व को आपसी भाईचारे और शांति के साथ मनाने की अपील की। पुलिस अधीक्षक ने लोगों से कहा कि शहर में शांति व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करें। किसी भी प्रकार की भड़काऊ गतिविधि या असामाजिक तत्वों की संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल पुलिस को दें।
फ्लैग मार्च के माध्यम से पुलिस ने आम लोगों को सुरक्षा का भरोसा दिलाया। साथ ही पर्व के दौरान असामाजिक तत्वों पर विशेष नजर रखने तथा किसी भी तरह की अफवाह पर ध्यान नहीं देने की अपील की। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि पर्व के दौरान शांति व्यवस्था भंग करने वालों के विरुद्ध आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
Jehanabad, Jehanabad | Oct 15, 2026